आगरा के ट्रांसयमुना इलाके में पथराव कर रहे लोगों को नियंत्रण में करने की कोशिश करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला, अागरा
आगरा के ट्रांसयमुना क्षेत्र में लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें सीओ समेत नौ पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। घटना में दस महिलाओं समेत 20 लोगों को चोट लग गई।
आगरा के एत्माद्दौला के सतीनगर निवासी डेयरी व्यवसायी रमेश यादव के पुत्र राहुल यादव का शव सोमवार सुबह एत्मादपुर के नगला परमसुख गांव में रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। परिवारीजनों ने हत्या का मामला बताया। उन्होंने कुछ लोगों पर आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग को लेकर शाम छह बजे शव सड़क पर रखकर ट्रांस यमुना कालोनी में जाम लगा दिया। पुलिस जाम खुलवाने पहुंची तो पहले हाथापाई की और फिर पथराव कर दिया। इसमें सीओ छत्ता बीएस त्यागी और दो इंस्पेक्टर समेत नौ पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया जिसमें 10 महिलाओं समेत 20 लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने एत्माद्दौला थाना में 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ रास्ता जाम करने और बवाल करने का मुकदमा दर्ज किया है। राहुल पर रविवार को कुछ लोगों ने भैंस चोरी का आरोप लगाया था। उधर, राहुल के परिवारीजनों ने बताया कि उसकी हत्या की गई है। शव पर चोटों के निशान थे। पास में बीयर की चार केन, पानी के पाउच और नमकीन के पैकेट पड़े थे। उन्होंने सतीनगर के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। इनकी गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मामला आत्महत्या का बताया। इससे उनका गुस्सा भड़क गया। इंस्पेक्टर एत्मादपुर थाना ने बताया कि सतीनगर के कुछ लोगों ने राहुल पर शंभूनगर में बगीची में भैंस चोरी करने का आरोप लगाकर पंचायत में 50 हजार का जुर्माना लगाया था। जुर्माना न चुका पाने के चलते उसने आत्महत्या कर ली।