मस्ता की बगीची, पटेल नगर में रविवार रात को दो परिवार में नशे में बाइक टकराने पर मारपीट हो गई। कुछ ही देर में दोनों ओर से पथराव होने लगा। घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंची, लेकिन आरोपी भाग निकले। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को चिन्हित किया जा रहा है।
घटना रात तकरीबन 10 बजे की है। मस्ता की बगीची में दो परिवार के युवक घरों के बाहर बैठे हुए थे। नशे में एक परिवार के युवक की बाइक दूसरे परिवार के युवक से टकरा गई। इसको लेकर युवकों में विवाद हो गया। उनमें गालीगलौज होने लगी। इसके बाद मारपीट हो गई। कुछ युवकों ने ईंट पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिसमें दो लोग घायल हो गए। मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। इससे पहले ही पथराव करने वाले भाग खड़े हुए।
थाना हरी पर्वत के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार का कहना है कि दो परिवार के लोगों में झगड़ा हुआ था। कोई घायल सामने नहीं आया है। थाने पर भी शिकायत नहीं की गई है। आरोपियों को चिन्हित किया जाएगा। इंटरनेट मीडिया पर पथराव करते युवकों के वीडियो भी वायरल हुए हैं।