बेवर। बस स्टैंड चौराहे के पास स्थित एक बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान में पीछे से नकब लगाकर चोरों ने करीब एक लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। गोलक में रखी 6 हजार की नकदी भी चुरा ले गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी भी खंगाल रही है।
कस्बे में पुराना बाजार निवासी मोहित शुक्ला बस स्टैंड के पास बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान किए हुए हैं। सोमवार को रोजाना की तरह रात को दुकान बंद करने के बाद घर चले गए थे। रात में किसी समय चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से में नकब लगाया और अंदर दाखिल हो गए। चोर दुकान में रखा करीब एक लाख रुपये रुपये का सामान व गोलक में रखी करीब 6 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। मोहित मंगलवार सुबह जब दुकान खोलने के लिए पहुंचे तो शटर उठाते ही नकब लगा देख उनके होश उड़ गए।
बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान में चोरी की जानकारी होने के बाद होने के बाद आसपास के दुकानदार एकत्र हो गए। घटना को लेकर सभी आक्रोशित थे। दुकानदारों ने बताया कि घटनास्थल से महज 50 मीटर की दूरी बस स्टैंड चौराहे पर पुलिस पिकेट तैनात रहती है। इसके बाद भी चोरी की वारदात हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी के फुटेज कब्जे में लिया है। इसके जरिए चोर की पहचान के प्रयास कर रही है।