कबाड़ बीनने वाले ने कचहरी घाट में बंद घर का दरवाजा तोड़कर लाखों की चोरी को अंजाम दिया था। घटना के तीन दिनों के भीतर थाना छत्ता पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी के गहने, लैपटॉप, टैबलेट और नकदी बरामद हुई है। आरोपी ने बताया कि वह नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करता है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कचहरी घाट क्षेत्र की सूबेदार गली निवासी ज्योति गोयल ने तीन जनवरी को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि उनके पति की मृत्यु हो चुकी है। बेटा बंगलूरु में इंजीनियर है। वह घर में अकेली रहती हैं और घर के नीचे दुकान में दोना-पत्तल आदि बेचती हैं। 3 जनवरी की सुबह 10 बजे वह घर पर ताला लगाकर दुकान गई थीं। दोपहर 1:30 बजे जब वह खाना खाने घर आईं तो कमरे का पीछे का दरवाजा टूटा हुआ था।
अंदर अलमारी से लैपटॉप, टैबलेट, एक लाख रुपये और सोने चांदी के गहने चोरी हो चुके थे। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि पुलिस ने सदर के सेवला चावली चक्की के पास रहने वाले सागर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी किया लैपटॉप, टैबलेट, 4 पायल, सोने की दो चेन, चांदी की चेन और अन्य गहने व 6984 रुपये बरामद हुए हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी सागर ने बताया कि उसे नशे की लत है। वह कबाड़ बीनने के बहाने थैला लेकर घूमता है। बंद मकान देखकर उसमें चोरी करता था। आरोपी हर वक्त नशे में रहता है। उसने चोरी करते समय कीमती सामान के साथ घर में रखी झाड़ू और अन्य सामान तक चोरी कर लिया था। आरोपी के परिजन आगरा में नहीं रहते।