खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने सिकंदरा सब्जी मंडी में पॉलिथीन बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। तीन विक्रेताओं के यहां छापे में 1.60 क्विंटल पॉलिथीन मिली है। इनको जब्त करते हुए विक्रेताओं से 35 हजार रुपये जुर्माना वसूला है।
एफएसडीए की टीम ने सुबह सिकंदरा सब्जी मंडी में अभियान चलाया। टीम ने पांच दुकानों की जांच की, जिसमें तीन पर प्रतिबंधित पॉलिथीन पकड़ी। इनमें तेजपाल की दुकान पर बोरों में पॉलिथीन भरी हुई थी, इनको छिपाकर रखा हुआ था।
इस पर 25 हजार रुपये जुर्माना लगाया। मान सिंह और पुनीत अग्रवाल के प्रतिष्ठान पर टीम पहुंची, इनके यहां पर कार्टन में पॉलिथीन रखी हुई थी। दोनों की दुकान से पांच-पांच किलो पॉलिथीन जब्त की है। इन पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लिया है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम आशीष मौर्य ने बताया कि पॉलिथीन की बिक्री गैरकानूनी है। सिकंदरा में तीन प्रतिष्ठानों से करीब 1.60 क्विंटल प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त करते हुए 35 हजार रुपये का जुर्माना वसूला है, इनको नोटिस भी दिया गया है।