पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पकड़े पशु चोर
कार से चार सूकर बरामद, असलाह और कारतूस भी मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
घिरोर (मैनपुरी)। चेकिंग के दौरान पुलिस ने जब एक जायलो कार को रोकना चाहा तो चालक ने गाड़ी को भगा दिया। पीछा करने के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। घेराबंदी कर पुलिस ने कुछ दूरी पर कार सवार चार पशु चोर पकड़ लिए। उनके कब्जे से तमंचा, कारतूस, चाकू व चार सूकर बरामद हुए। पुलिस ने पकड़े गए पशु चोरों को जेल भेजा है।
थाना पुलिस रविवार की देर रात गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। तभी सूचना मिली कि कुरावली की तरफ से एक जायलो कार में कुछ पशु चोर चार सूकर चोरी कर भागे हैं। सूचना मिलने ही पुलिस ने गोल चक्कर पर घेराबंदी कर कार को रुकने का इशारा किया लेकिन चालक ने गाड़ी को दौड़ा दिया। पुलिस ने कार का पीछा शुरू कर दिया, तो उसमें सवार पशु चोरों ने तमंचा से फायरिंग करना शुरू कर दिया। पुलिस ने कार सवार चार पशु चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में चोरों ने अपने नाम रमेश रावत पुत्र रामप्रसाद, विजय रावत निवासी गीता पल्ली हसनपुर थाना कृष्णा नगर लखनऊ, विक्रम सिंह पुत्र रतनलाल निवासी बलदा मोहल्ला तानसेन थाना कोतवाली जिला सीतापुर और विशाल पुत्र हरिओम रावत निवासी जलालपुर थाना पारा लखनऊ बताए। पुलिस ने लिखापढ़ी करने के बाद पकड़े गए पशु चोरों को चालान करने के बाद जेल भेजा।