कासगंज। अंतर्राज्यीय स्तर पर ट्रकों के इंजन नंबर व चैसेस नंबर बदलकर फर्जी प्रपत्रों के आधार पर धोखाधड़ी कर वाहन बेचने, बैंक से ऋण लेने आदि के दो आरोपियों को एसटीएफ की टीम ने जिले की ढोलना पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो फर्जी रजिस्ट्रेशन वाले ट्रक भी बरामद किए हैं।
एसटीएफ के निरीक्षक हेमंतभूषण सिंह ने बताया कि एसटीएफ को सूचना मिली कि कासगंज जनपद के ढोलना थाना क्षेत्र के भगवंतपुर में कुछ लोगो के द्वारा विभिन्न प्रांतों व उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से ट्रकों को लाकर उनके इंजन नंबर व चैसेस नंबर मिटाकर दूसरे नंबर तैयार किए जाते हैं। ट्रकों के फर्जी कागजात भी तैयार किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि एसटीएफ की टीम भगवतंपुर हजारा नहरपुल के पास पहुंची। जहां से मुखबिर की सूचना व निशानदेही पर दो ट्रक बरामद किए हैं। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिसमें पंकज कुमार राठौर पुत्र प्रेमपाल निवासी नेहरू नगर एटा एवं मनीष शर्मा पुत्र विनोद प्रकाश शर्मा निवासी पूरविया एटा हैं। उनके पास से तीन मोबाइल फोन व 1870 रुपये की नकदी बरामद की गई है। एसटीएफ के इंस्पेक्टर ने बताया कि उत्तर प्रदेश व अन्य प्रांतों में गिरोह के सहयोगियों के माध्यम से गिरोह के सदस्य ऐसे ट्रक कम कीमतों पर खरीदते थे जिनकी ऋण की किश्तें टूटी होती थीं या फिर चोरी के होते थे। वे इंजन नंबर व चैसेस नंबर बदलकर फर्जी तैयार किए गए नंबरों को इंजन चैसेस बोर्ड पर लगाते थे और रजिस्ट्रेशन के फर्जी प्रपत्र तैयार कराते थे और फर्जी तरीके से लोन व इंश्योरेंस कराते हैं। थाना ढोलना पुलिस की मदद से एसटीएफ की टीम ने कार्रवाई की। ढोलना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
गिरोह के अन्य साथियों के नाम भी आए प्रकाश में
कासगंज। एसटीएफ ने गिरफ्तार किए गए आरोपी पंकज से हुई पूछताछ का ब्यौरा भी जारी किया है। पंकज ने गिरोह के अन्य साथियों के नाम बताए हैं। जिसमें जितेंद्र सिंह, इशरार चौधरी, फरमान, गौतम सिंह, चंद्रशेखर, विकेंद्र उर्फ विजेंद्र उर्फ वीके ठाकुर, जमील, बच्चू, बॉडीवाला, बनवारी, राजेश कबाड़ी, पप्पू चश्मा वाला, सुरजीत कबाड़ी एवं राघवेंद्र सिंह हैं।