आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र के महावीर नगर में सोमवार रात को मंदिर में हनुमान जी की प्रतिमा खंडित कर दी गई। मंगलवार सुबह पूजा-अर्चना करने आए लोगों को पता चला तो आक्रोश फैल गया। उन्होंने हंगामा कर दिया। पुलिस ने पहुंचकर लोगों को शांत किया। मंदिर में नई मूर्ति स्थापित कर दी गई है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
महावीर नगर में हनुमानजी का मंदिर है। पुजारी महावीर दास हैं। मंगलवार सुबह सात बजे लोग मंदिर में पूजा करने के लिए आए तो प्रतिमा खंडित मिली। परिसर में ही एक ईंट भी पड़ी हुई थी, जिससे प्रतिमा को खंडित किया गया था।
लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। स्थानीय निवासी रविकांत त्यागी ने पुलिस को सूचना दी। सीओ छत्ता उदयराज सिंह थाना एत्माद्दौला की फोर्स के साथ पहुंच गए।