फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में रक्षाबंधन मनाने गुड़गांव से आई स्टाफ नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक कुछ युवक उसे गंभीर हालत में ऑटो से ले जा रहे थे, लेकिन पीआरवी के पीछा करने पर आरोपी उसे छोड़कर भाग गए।
रक्षाबंधन पर गुरुग्राम से घर लौट रही अनुसूचित जाति की 21 वर्षीय युवती की शिकोहाबाद के मईयामई स्थित एक होटल में प्रेमी के साथ ठहरने के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम में सिर में चोट लगने से कोमा में जाने के साथ अंदरूनी अंग से अत्यधिक रक्तस्राव की बात सामने आई है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने प्रेमी राहुल यादव और उसके एक साथी के खिलाफ हत्या और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। परिजन ने दुष्कर्म का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने राहुल को हिरासत में लिया है जबकि उसका साथी फरार है। गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चार घंटे तक प्रदर्शन किया। देर शाम युवती का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
विज्ञापन
नसीरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती पिछले तीन माह से गुरुग्राम में एक कंपनी में नौकरी कर रही थी। रक्षाबंधन पर घर आने के लिए वह बुधवार दोपहर करीब 12 बजे बस से गुरुग्राम से निकली थी। रात करीब आठ बजे शिकोहाबाद पहुंचने पर उसने पिता को फोन कर तबीयत खराब होने की बात कही। उसने बताया कि वह शिकोहाबाद की अपनी सहेली के घर रुक रही है और सुबह घर आ जाएगी। उसने पिता को अपने साथ राहुल उर्फ नितिन यादव निवासी विजेंद्र कॉलोनी के होने की भी जानकारी दी थी।
पुलिस के अनुसार, युवती सहेली के घर पहुंची और अपना बैग वहां रख दिया। इसके बाद वह राहुल के साथ चली गई। दोनों मईयामई गांव के बाहर हाईवे किनारे संचालित एक होटल में पहुंचे और कमरा लेकर ठहर गए। देर रात करीब तीन बजे युवती की हालत बिगड़ गई। उसके सिर में चोट थी और अंदरूनी अंग से रक्तस्राव हो रहा था। राहुल ने सलेमपुर निवासी अपने एक दोस्त को बुलाया और दोनों युवती को बाइक पर बैठाकर अस्पताल ले गए।
विज्ञापन
शिकोहाबाद मंडी के पास हाईवे किनारे स्थित अस्पताल में उस समय डायल-112 की टीम मौजूद थी। पुलिसकर्मियों ने दोनों युवकों के साथ अचेत युवती को देखा तो अस्पताल पहुंचे। तब तक चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों युवक वहां से निकलने लगे। पुलिस ने राहुल को हिरासत में ले लिया जबकि उसका साथी भाग निकला। पुलिस ने युवती के परिजन को घटना की सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पिता ने शव की पहचान करने के बाद राहुल और उसके साथी के खिलाफ तहरीर दी।
पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम में शरीर पर संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। सिर में चोट लगने से कोमा में जाने और अंदरूनी रक्तस्राव से माैत हुई है। विसरा और तीन स्लाइड एफएसएल जांच के लिए सुरक्षित रखी गई हैं। पुलिस होटल और आसपास के प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। सीओ शेखर सेंगर और इंस्पेक्टर अनुज कुमार राणा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के मेडिकल स्टोर और अन्य प्रतिष्ठानों पर लगे कैमरों की फुटेज की भी जांच की गई है।
शव रखकर गिरफ्तारी की मांग
बृहस्पतिवार शाम करीब 4:30 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने शिकोहाबाद-नसीरपुर मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। परिजनों ने युवती की शिकोहाबाद निवासी सहेली की भूमिका की भी जांच कर उसे नामजद करने की मांग की। चार घंटे चले प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर स्थिति नियंत्रित हुई।
पिता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पोस्टमार्टम के बाद विसरा और स्लाइड एफएसएल जांच के लिए सुरक्षित रखी गई हैं। होटल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर घटना की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है। -शेखर सेंगर, सीओ