प्राइवेट वाहनों के माध्यम से स्कूली बच्चों के परिवहन का कार्य किन परिस्थितियों में कराया जा रहा और इन वाहनों का कब तक स्कूली वाहन परमिट प्राप्त कर लिया जाएगा। यह दो सवाल संभागीय परिवहन विभाग (आरटीओ) ने पत्र के माध्यम से सेंट जॉर्जेज स्कूल के प्रबंधक से पूछे हैं।
हादसे के बाद स्कूल का शुक्रवार को यात्री कर अधिकारी नीलम ने निरीक्षण किया। सेंट जॉर्जेज स्कूल यूनिट-2 बाग मुजफ्फर खां रोड पर बुधवार को एक स्कूल वैन बच्चों सहित नाले में गिर गई थी। इस मामले पर आरटीओ (प्रवर्तन) की तरफ से स्कूल को नोटिस जारी किया गया है।
शुक्रवार को यात्री कर अधिकारी नीलम ने स्कूल का निरीक्षण किया। उनको स्कूल परिसर में कई वाहन खड़े नजर आए, जिसमें अधिकतर प्राइवेट वाहन थे। इस पर भी स्कूल प्रबंधक को नोटिस जारी किया गया है।
एआरटीओ (प्रवर्तन) आलोक कुमार ने बताया कि प्राइवेट वाहनों का प्रयोग बच्चों को स्कूल लाने व छोड़ने के लिए किया जा रहा है। इन वाहनों के पास कोई परमिट नहीं है। इस पर स्कूल प्रबंधक से रविवार तक जवाब मांगा गया है। कोई जवाब न मिलने पर स्कूली की मान्यता निलंबन की संस्तुति जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी से की जाएगी।