पीड़ित के घर पहुंचे एसएसपी बबलू कुमार
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के पिनाहट क्षेत्र में दुष्कर्म पीड़ित किशोरी के आत्मदाह की धमकी के बाद प्रशासन की नींद टूटी। पीड़ित परिवार से मिलने शनिवार को एसएसपी बबलू कुमार पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय और सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
शनिवार दोपहर तकरीबन दो बजे एसएसपी आगरा बबलू कुमार दुष्कर्म पीड़ित किशोरी के परिजनों से मिलने गांव पहुंचे। उनके साथ एसपी पूर्वी प्रमोद कुमार, सीओ बाह रितेश कुमार मौजूद रहे। एसएसपी ने पीड़ित किशोरी और उसके माता-पिता से बातचीत की। उनको सुरक्षा का भरोसा दिलाया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है।
पीड़ित किशोरी द्वारा न्याय न मिलने पर आत्मदाह की धमकी देने पर एसएसपी ने भरोसा दिलाया कि सभी आरोपियों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। कहा कि आरोपी कोई भी हो बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी ने बताया कि किशोरी के जल्द बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एक थाने का फोर्स किया गया सुरक्षा में तैनात
दुष्कर्म पीड़िता के परिवार धमकियों से दहशत में है। इसके मद्देनजर एसएसपी ने एक इंस्पेक्टर, चार कांस्टेबल और दो महिला कांस्टेबल की तैनाती कर रही थी। निबोहरा और बासौनी थाने का फोर्स यहां 12-12 घंटे सुरक्षा की ड्यूटी कर रहा है। साथ ही दो कांस्टेबल पिनाहट थाना के भी तैनात हैं।