एसएसपी ने वकील को पढ़ाया कानून का पाठ
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में बिना हेलमेट पहनकर आए परिचित को रोके जाने पर वकील की यातायात पुलिसकर्मी से नोंकझोंक हो गई। इसी बीच वहां से निकल रहे एसएसपी ने कानून का पाठ पढ़ाकर वकील की बोलती बंद कर दी।
दरअसल, बोदला का रहने वाला एक व्यक्ति बुधवार दोपहर को स्कूटर से कलक्ट्रेट आया था, उसे एचसीपी यादराम गौतम ने रोक लिया और कहा कि हेलमेट नहीं लगा है। इसलिए कलक्ट्रेट परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
स्कूटर का चालान भी काटा जाएगा। इस पर स्कूटर सवार ने फोन करके अपने परिचित वकील को अंदर से बुला लिया। वो आते ही एचसीपी को नियम कायदे बताने लगे। हेलमेट के नियम को लेकर एचसीपी से नोंकझोंक होने लगी।
एसएसपी ने सिखाया सबक
यह देखकर वहां लोगों की भीड़ लग गई। उसी वक्त एसएसपी अमित पाठक भी ऑफिस से निकल रहे थे। उन्होंने भीड़ देखकर अपनी गाड़ी को रुकवा लिया। एचसीपी को बुलाकर घटनाक्रम पूछा। इस पर उन्होंने वकील को अपने पास बुलाया।
वकील खुद को बार एसोसिएशन का पदाधिकारी बताने लगे। इस पर एसएसपी ने कहा कि इसी बात की गर्मी है तुम्हें। ज्यादा तेज आवाज में बात मत करिएगा। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने का नियम सबके लिए हैं।
एसएसपी ने कहा कि इस नियम का सभी को पालन करना चाहिए। इस पर अधिवक्ता ने चुप्पी साध ली। बाद में एसएसपी के निर्देश पर नियमानुसार एचसीपी ने स्कूटर का का चालान कर दिया।
'नो हेलमेट नो एंट्री'
एसएसपी ने आगरा में चार्ज लेते ही हेलमेट पहनने को लेकर अभियान चलाया था। इसकी शुरूआत कलक्ट्रेट से की गई थी। गेट पर ही लिख दिया गया कि नो हेलमेट नो एंट्री। सात दिन जागरूकता के तौर पर शुरूआत की गई।
बाद में चालान काटे गए। गेट पर ही यातायात पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। इसके बावजूद बिना हेलमेट पहनकर आने वाले पुलिस के रोकने पर विवाद करते हैं। कलक्ट्रेट के बाद यह अभियान पुलिस लाइन और थानों में भी शुरू किया गया था।