शहर के प्रमुख जूता निर्यातकों बसंत ओवरसीज और नीलसन ओवरसीज पर आयकर सर्वे हुए। मंगलवार शाम को दोनों इकाईयों पर आयकर विभाग की छह टीमों ने सर्वे की शुरुआत की, जो देर रात तक चला। लगातार सर्वे और सर्च के विरोध में शहर के उद्यमियों का प्रतिनिधिमंडल प्रमुख आयकर आयुक्त से मिला, लेकिन जिस दौरान उद्यमी अपना ज्ञापन सौंप रहे थे, उसी समय जूता निर्यातकों पर सर्वे के लिए आयकर भवन से अधिकारियों की टीमें निकलीं।
प्रमुख आयकर आयुक्त अनुराधा मिश्रा के निर्देश पर संयुक्त आयकर निदेशक (जांच) मुंशी राम के नेतृत्व में आयकर अधिकारियों की छह टीमों ने सर्वे की कार्रवाई की। सहायक निदेशक (जांच) राजेश गुप्ता की अगुवाई में टीमों ने जूता निर्यातक फर्म बसंत ओवरसीज और नीलसन ओवरसीज के छह परिसरों में सर्वे किया। केएस गुजराल की कंपनी बसंत ओवरसीज के नेशनल हाइवे दो तथा विजय निझावन की फर्म नीलसन ओवरसीज के ईपीआईपी, सिकंदरा तथा ट्रांसपोर्ट नगर स्थित प्रतिष्ठानों पर रात तक सर्वे की कार्रवाई की गई। इस दौरान आयकर अधिकारी विनोद वर्मा, राजीव प्रसाद तथा आयकर निरीक्षकों में दिलीप गुप्ता, अमरदीप कौशिक आदि मौजूद रहे।
सरेंडर का दबाव बना रहे अफसर-चैंबर
जिस समय नेशनल चैंबर का प्रतिनिधिमंडल आयकर आयुक्त से मिलने गया, ठीक उसी समय दो जूता निर्यातकों पर सर्वे शुरू किया गया। आयकर सर्वे के खिलाफ नेशनल चैंबर का प्रतिनिधिमंडल प्रमुख आयकर आयुक्त अनुराधा मिश्रा से मंगलवार शाम को मिला। चैंबर ने छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा, जिसमें सर्वे में सख्ती न दिखाने का अनुरोध किया गया। उद्यमियों ने कहा कि आगरा में सर्वे और सर्च ज्यादा हो रहे हैं। करदाताओं पर सरेंडर करने का दबाव बनाया जा रहा है, जबकि सभी उद्योग मंदी के दौर से गुजर रहे हैं। प्रमुख आयकर आयुक्त ने कहा कि अगर कोई उद्योग मुश्किल में है तो वह जानकारी दे। चैंबर सदस्यों ने कहा कि जो करदाता 10-15 प्रतिशत बढ़ाकर टैक्स दे रहे हैं, उन्हें स्क्रूटनी केस से मुक्त रखा जाए। जगह-जगह कैंप लगाकर लोगों में जागृति उत्पन्न की जाए, जिससे ज्यादा लोग आयकर देने लगें। प्रतिनिधिमंडल में भुवेश अग्रवाल, अशोक गोयल, राजेश गोयल, अवनीश कौशल और अनिल वर्मा आदि मौजूद रहे।
बच्चों से संवाद करेंगे आयकर अधिकारी
इनकम टैक्स के प्रति जागरुक करने के लिए आयकर अधिकारी स्कूली बच्चों से संवाद करेंगे। आयकर विभाग शहर के स्कूलों में टीडीएस, आयकर और रिटर्न से जुड़ी जानकारियों के लिए अधिकारियों की टीम भेजेगा जो बच्चों को आयकर देने के फायदे समझाने के साथ-साथ इसका महत्व बताएंगे। साथ ही स्कूल के एकाउंट सेक्शन से जुड़े लोगों को भी टीडीएस की जानकारी देंगे। बुधवार को आगरा पब्लिक स्कूल अरतौनी में सुबह 11:30 बजे आयकर अधिकारियों की टीम पहुंचेगी और बच्चों को आयकर से जुड़ी फिल्म दिखाने के बाद संवाद करेगी।