ताज महोत्सव के इतिहास में पहली बार होने जा रही खेल प्रतियोगिताओं को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह दिखाई दे रहा है। महोत्सव में शामिल किए गए खेलों को लेकर खेल संघ में काफी जोश है। संघ पदाधिकारियों का मानना है कि सभी टीमें अपने-अपने खेलों में ताज महोत्सव की पहली चैंपियनशिप अपने नाम करना चाहती हैं। इसके लिए खेलों के खिलाड़ी दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।
खास बात यह है कि जिला हॉकी संघ ताज महोत्सव प्रतियोगिता में आठ बालकों की टीम और चार बालिकाओं की टीम उतारने की मशक्कत कर रहा है। इसकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। अगले हफ्ते संघ टीमों की सूची जारी कर देगा।
जिला बैडमिंटन संघ ने ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप कराने का फैसला कर लिया है। इसमें बालक वर्ग में सिगल्स, बालक वर्ग में डबल्स और मिक्सड डबल्स मैच कराए जाएंगे। टेबिल टेनिस में भी रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं। बास्केटबाल और कबड्डी में आठ-आठ टीमें प्रतिभाग करेंगी। निशानेबाजी और जिमनास्टिक प्रतियोगिता के लिए भी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।