शाबास आगरा, अगर वोटिंग की यही रफ्तार रही तो देश के पहले 20 स्मार्ट शहरों की सूची में अपने शहर को शामिल होने से कोई नहीं रोक सकता। शहरवासियों ने दनादन वोटिंग की। इसकी बदौलत अपने शहर का आंकड़ा 90 हजार पार कर गया है। पिछले चार दिनों में ही 70 हजार से ज्यादा लोगों ने वोट डाले हैं।
स्मार्ट सिटी के तहत देश में पहले चुने जाने वाले 20 शहरों के लिए शहरवासियों ने पूरा दम लगा दिया है। नगर निगम के स्तर से तो प्रयास चल ही रहे हैं, सामाजिक सहभागिता की वजह से दिन-ब-दिन ऑनलाइन वोटिंग का ग्राफ बढ़ रहा है। अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 19 नवंबर की शाम तक जहां सिर्फ 20 हजार ऑनलाइन वोटिंग हुई थी, रविवार शाम तक यह आंकड़ा 90,855 पर पहुंच गया। लोगों ने न सिर्फ विभिन्न कैंपों में जाकर शहर को टॉप 20 में लाने के लिए वोटिंग की, बल्कि अपने स्मार्ट फोन और लैपटॉप व कंप्यूटर के माध्यम से भी खूब वोट डाले। हालांकि अभी मंजिल दूर है। वोटिंग के लिए चंद दिन ही शेष हैं। ऐसे में शहरवासियों को अधिक से अधिक वोटिंग कर इस आंकड़े को टॉप पर ले जाना है।
सामाजिक सहभागिता में 28वें नंबर पर
शहर को स्मार्ट बनाने के लिए जुटे लोगों की लिए अच्छी खबर है। सिर्फ वोटिंग में ही शहर पूरा दम नहीं लगा रहा, शहर के विकास से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा में भी अहम भूमिका निभा रहा है। कंसल्टेंट कंपनी अरबन मैनेजमेंट कंपनी की मानें तो सामाजिक सहभागिता में अपना शहर देशभर में 28वें नंबर पर है। लोगों ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करके अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर दिखा दिया है कि शहर के विकास में सहयोग करने में पीछे नहीं हैं।