मथुरा। जीआरपी के आईजी बीआर मीणा ने कहा कि ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए जीआरपी के अलग स्क्वॉड बनाए जाएंगे। महिला कोच में किसी अन्य यात्री को नहीं घुसने दिया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। जहरखुरानी रोकने को जीआरपी ने मुखबिर तंत्र मजबूत किया है। इससे जहरखरानी में कमी आई है।
बीआर मीणा ने मुड़िया मेला को लेकर मथुरा जंक्शन व गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था व इंतजामों का निरीक्षण किया। आईजी ने मथुरा जंक्शन के सभी नौ प्लेटफार्म, सरकुलेटिंग एरिया, सेकेंड एंट्री, थर्ड एंट्री की व्यवस्था व सुरक्षा इंतजाम देखे।
इस दौरान सीओ जीआरपी अनुराग दर्शन, स्टेशन डायरेक्टर एनपी सिंह, आरपीएफ प्रभारी सीबी प्रसाद, जीआरपी के लोग मौजूद रहे। इससे पूर्व आरपीएफ के आईजी एसएन पांडे, कमांडेंट अपूर्वा अग्निहोत्री ने भी मथुरा जंक्शन का निरीक्षण किया था।