प्राधिकरण की टीम से सपाइयों ने की दबंगई
- फोटो : अमर उजाला
इनररिंग रोड किनारे बेशकीमती जमीन से अवैध कब्जा हटाने गई आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की टीम से सपाइयों ने दबंगई की। सत्ताधारी दल से जुड़ा होने की धमकी देते हुए कार्रवाई को रोकने की चेतावनी दी। इस पर मौके पर मौजूद एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। पिस्टल और सपा का झंडा लगी गाड़ी जब्त कर ली। इसके बाद एडीए ने दबंगों के कब्जे से लगभग सवा पांच हेक्टेयर जमीन मुक्त कराई। बताया जा रहा है कि सपा के दबंगों कार्यकर्ताओं ने एक बिल्डर को इस जमीन पर कब्जा कराया था।
एत्मादपुर मदरा में इनररिंग रोड की सर्विस रोड के किनारे खसरा नंबर 487 नंबर की जमीन के लगभग सवा पांच हेक्टेयर भूखंड पर कुछ दबंगों ने बाउंड्री कर ली थी। जानकारी पर शनिवार को एसडीएम सदर एमपी सिंह के नेतृत्व में एडीए की टीम बाउंड्री ढहाने पहुंची गई। इसी बीच सपा का झंडा लगी स्कार्पियो गाड़ी मौके पर पहुंची। इसमें दो-तीन युवक सवार थे। उन्होंने कार्रवाई का विरोध करते हुए सत्ताधारी दल से जुड़ा होने की धमकी दी। उन्होंने बड़े नेता से फोन पर बात कराने की कोशिश भी की। इस पर एसडीएम सदर ने पुलिसकर्मियों से गाड़ी की तलाशनी लेने का निर्देश दिया, जिसमें उन्हें एक पिस्टल बरामद हुई। इस दौरान इन युवकों ने पुलिसकर्मियों से नोकझोंक भी की।
एसडीएम एमपी सिंह का कहना है कि मौके से भूरी सिंह को पिस्टल सहित हिरासत में लिया गया है। इन लोगों ने गौरव लाम्बा नाम के बिल्डर के लिए जमीन पर अवैध कब्जा किया था।
कई बाउंड्रियों की होगी जांच
बता दें कि इनररिंग रोड किनारे कुछ और लोगों ने भूखंडों पर बाउंड्री कर दी हैं। एडीए अब इनकी भी जांच कराएगा। इसके लिए विभाग अधिग्रहण की गईं जमीनों का रिकॉर्ड खंगाल रहा है। गौरतलब है कि अमर उजाला ने हाल ही में इनररिंग रोड किनारे कई भूखंडों पर बाउंड्री होने पर आगाह किया था।