आगरा। सुभाष बाजार में नाले पर स्थित दुकान ढहने और महिला की मौत मामले में व्यापारियों ने शनिवार को पुलिस आयुक्त दीपक कुमार को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने कहा कि राधास्वामी क्लॉथ स्टोर के ढहने में किसी दुकानदार का दोष नहीं है, अतः उन्हें बेवजह परेशान न किया जाए। साथ ही आर्थिक तंगी से जूझ रहे पीड़ित दुकानदार के लिए मुआवजे की मांग की गई।
आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने बताया कि 9 जून, 2026 को ही नगर निगम अधिकारियों व महापौर को जर्जर दुकान और दरारों की लिखित सूचना दे दी गई थी। एक माह तक लगातार चक्कर काटने के बावजूद लापरवाही बरती गई। 8 जुलाई को बारिश के कारण दुकान और सड़क नाले में समा गई।
इस घटना में नाले में गिरे छह लोगों में से पांच को बचा लिया गया था, जबकि एक महिला का शव कई दिन बाद मिला। आगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल, जय पुरस्नानी, कमल मुलानी सहित अन्य व्यापारियों ने प्रशासन से मामले में सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की गुहार लगाई है।