आगरा मंडल के चार जिलों की पांच लोकसभा सीटों पर मथुरा को छोड़कर सपा, बसपा रालोद गठबंधन के लड़ाके तैयार हो गए हैं। आगरा और फतेहपुर सीकरी में जहां बसपाइयों ने कमर कस ली है, वहीं फिरोजाबाद और मैनपुरी ने अपने गढ़ में ताल ठोक दी है।
विज्ञापन
गठबंधन में मथुरा की सीट राष्ट्रीय लोकदल के खाते में मानी जा रही है। पिछले चुनावों को देखते हुए यहां भी प्रत्याशी को लेकर लगभग स्थिति स्पष्ट है, सिर्फ औपचारिकता के लिए घोषणा होना बाकी है। बसपा ने आगरा से मनोज सोनी और फतेहपुर सीकरी से सीमा उपाध्याय के लिए चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है।
मनोज सोनी यहां पहली बार चुनावी मैदान में हैं तो सीमा उपाध्याय तीसरी बार चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। वो वर्ष 2009 में इसी सीट से सांसद चुनी जा चुकी हैं। वर्ष 2014 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी चौधरी बाबूलाल ने सीमा उपाध्याय को हराया था।
विज्ञापन
उधर, मैनपुरी और फिरोजाबाद सपा के गढ़ माने जाते रहे हैं। इसलिए मैनपुरी से एक बार फिर मुलायम सिंह यादव और फिरोजाबाद से अक्षय यादव चुनावी मैदान में है। गठबंधन ने इन प्रत्याशियों के लिए प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है।