बसपा महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा- बसपा की ताकत से घबराए अन्य दल
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बसपा महासचिव और विधान परिषद में नेता विरोधी दल नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने मंगलवार को ताजनगरी में कहा कि प्रदेश में बसपा की ताकत बढ़ रही है। इसकी वजह से सपा और भाजपा आपस में मिल चुके हैं। यही वजह है कि भाजपा नेता और प्रधानमंत्री तक अपनी सभा में बसपा के बारे में तो बोले, लेकिन सपा पर कुछ भी नहीं कहा।
उन्होंनेे कहा कि प्रधानमंत्री एमएलए के टिकट देने के लिए पैसे लेने के आरोप लगाते हैं, लेकिन ये ध्यान रखें कि जिनके घर शीशे के होते हैं, वे दूसरों पर पत्थर नहीं उछालते। वह खुद को गरीब चाय वाला बताकर सहानुभूति बटोरते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री बनने के बाद कपड़ों पर 70 करोड़ रुपये खर्च कर चुके हैं। नोटबंदी पर बसपा नेता ने कहा कि नोटों को बंद करने का फैसला बिना किसी तैयारी के लिया गया। इससे आम आदमी परेशान है, लेकिन दिल्ली के हुक्मरान उनकी तकलीफें देख नहीं रहे। बसपा भ्रष्टाचार और कालेधन के खिलाफ है, लेकिन लोगों की परेशानियां दूर होनी चाहिए। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा विकास योजनाओं के लोकार्पण पर सिद्दीकी ने कहा कि वह अपने मुंह मियां मिट्ठू बन रहे हैं। वह बसपा प्रत्याशी जुल्फिकार अहमद भुट्टो के पिता के इंतकाल पर उनके विभव नगर स्थित घर पहुंचे थे। उसके बाद वह रात में सर्किट हाउस पहुंचे और बसपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिले। अलीगढ़ से लौटते हुए रात्रि विश्राम आगरा में किया। वह सुबह टूंडला जाएंगे।