सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष रावल सिंह यादव व अन्य कार्यकर्ता एएसपी सिटी को ज्ञापन देते हुए
अयोध्या के हनुमानगढ़ी के पुजारी राजू दास के खिलाफ गुस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। अयोध्या के हनुमानगढ़ी के पुजारी राजू दास के खिलाफ केस दर्ज कराने की मांग करते हुए सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष ने शहर कोतवाली में बुधवार को तहरीर दी। साथ ही एएसपी सिटी को भी एक ज्ञापन दिया। कहा, कार्रवाई न होने पर आंदोलन किया जाएगा।
सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष रावल सिंह यादव ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पर सपाइयों में आक्रोश बढ़ गया है। सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने वाले पुजारी राजू दास अपने विवादित बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। मंगलवार को उन्होंने राजू दास हनुमानगढ़ी नामक आईडी से सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली। प्रयागराज महाकुंभ में लगी सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की मूर्ति, जिसे अखिलेश यादव की आईडी से साझा किया था। इस फोटो पर राजू दास ने मुलायम सिंह को लेकर अपशब्दों का प्रयोग किया। इससे सपा नेता और कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। राजू दास के इस कृत्य की निंदा की जाती है। कई पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली में तहरीर दी है। साथ ही एएसपी सिटी राहुल मिठास को भी ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है।