सोल फैक्टरी के मालिक की उनके ही ऑफिस में गला रेतकर हत्या कर दी गई। वे बीती रात अपने कार्यालय में ही सो गए थे। घटना की जानकारी सुबह हो सकी, जब कर्मचारी ने उनकी लाश को खून से लथपथ देखा।
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में सिकंदरा स्थित औद्योगिक एरिया में जूते के सोल की फैक्टरी के मालिक संजीव गुप्ता (50) की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उनका शव पलंग पर पड़ा मिला। चारों तरफ खून पड़ा था। रविवार की रात वह फैक्टरी के अपने ऑफिस में सोये थे। हत्या की जानकारी सोमवार की सुबह हुई। पुलिस के अनुसार, घटना में किसी परिचित की संलिप्तता नजर आ रही है।
विज्ञापन
मूल रूप से फिरोजाबाद के लोहिया नगर निवासी संजीव गुप्ता ने अपने ममेरे भाई रीतेश गुप्ता के साथ करीब 7 साल पहले साझेदारी में सिकंदरा में फैक्टरी शुरू की थी। संजीव सप्ताह में 5 दिन फैक्टरी में ही रुकते थे। फैक्टरी की पहली मंजिल पर कमरा है, जिसमें कर्मचारी नरेंद्र उसकी पत्नी और बेटी रहते हैं। सुबह करीब 10 बजे फैक्टरी कर्मचारी पहुंचे तो नरेंद्र ने ही दरवाजा खोला। संजीव के बाहर नहीं आने पर नरेंद्र उनके ऑफिस में पहुंचा तो पलंग पर खून से लथपथ शव देखकर उसकी चीख निकल गई। सूचना पर डीसीपी सिटी सूरज राय, एसीपी हरीपर्वत आदित्य फोर्स के साथ पहुंचे।
मकान का विवाद था
फैक्टरी एरिया में घटना की जानकारी होने पर काफी संख्या में लोग जुट गए। संजीव के परिजन भी फिरोजाबाद से पहुंच गए। परिजन ने बताया कि किसी से कोई रंजिश नहीं थी। साझेदारी को लेकर रीतेश से विवाद चल रहा था। संजीव और रीतेश ने मिलकर शास्त्रीपुरम में एक मकान भी बनाया था। विवाद की शुरुआत उस मकान को लेकर हुई थी।
शाम को कर्मचारी ने देखा था
पूछताछ में कर्मचारी नरेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसने शाम 7:30 बजे मालिक को खाना दिया था। उसके बाद ऊपर अपने कमरे में चला गया। रात को उसे कोई आवाज नहीं सुनाई दी। फैक्टरी का दरवाजा अंदर से बंद था। सीसीटीवी लगा है। उसका तार कटा हुआ था। पुलिस आसपास की फैक्टरियों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।