कासगंज। सावन के पहले सोमवार को शिवभक्तों ने शिवालयों व घरों में भगवान शिव की पूजा अर्चना कर मनौतियां मांगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सुबह से ही भीड़ उमड़ने लगी। मंदिरों पर भक्तों की कतारें भी नजर आईं। जगह-जगह शिव भक्ति के कार्यक्रम आयोजित किए गए। शहर के अलावा कस्बाई क्षेत्रों में भी शिव मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
रखा उपवास, किया जलाभिषेक
कासगंज। श्रावण मास में भगवान शिव की अराधना का विशेष महत्व है। यह मास शिव को भी बेहद प्रिय है। माना जाता है कि श्रावण मास में शिवभक्ति से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। भगवान शिव क ोबेलपत्र, धतूरा आदि का भोग लगाया जाता है। पहले सोमवार को कई शिव मंदिरों में रुद्राभिषेक के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में घी, दूध सहित गंगाजल आदि सामग्री से भगवान शिव का अभिषेक किया गया। चामुंडा मंदिर पर जहां भक्तों की भीड़ थी वहीं भूतेश्वर मंदिर, मनकामेश्वर मंदिर पर भी भक्तों की काफी भीड़ रही।
शिव उपासना के लिए उमड़े श्रद्धालु
सोरों। सावन के पहले सोमवार को श्रद्धाुलओं की भीड़ शिव मंदिर में शिव उपासना के लिए उमड़ी। सुबह से ही शिव मंदिरों में तांता लगा लगा। हरिपदी घाट पर गंगास्नान के बाद श्रद्धालु गंगाजल लेकर शिवालयों में पहुंचे। गंगाजल और दूध से भगवान शिव का अभिषेक किया। हर हर महादेव के जयकारों से मंदिर प्रांगण गूंजते रहे। श्रद्धालु शिव चालीसा, महामृत्युंजय मंत्र का जाप करते नजर आए। सोमेश्वर, भूतेश्वर, रूपेश्वर, मनकामेश्वर, महाकालेश्वर, गंगेश्वर, प्रकटेश्वर, कालीशंकर आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
बम-बम भोले के स्वर से गूंजे शिवमंदिर
अमांपुर/सहावर। कस्बे के प्राचीन शिव मंदिर में सोमवार को हर हर महादेव और बम बम भोले की गूंज सुनाई दी। वातावरण पूरी तरह शिवमय रहा। श्रद्धालु बेलपत्र, धतूरा, पुष्प, मेवा, फल आदि लेकर मंदिरों में पहुंचे और भगवान शिव को अर्पित किए। प्राचीन शिव मंदिर के आचार्य गौरव पांडे ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन के सोमवार को भगवान शिव की पूजा करने से भगवान भोलेनाथ की कृपा बरसती है। सहावर के मंदिरों में भी भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां मंदिरों में पहुंचकर भक्त हर हर महादेव के जयकारे लगाते हुए उनका अभिषेक कर रहे थे। भक्तिभाव के साथ भगवान शिव की पूजा अर्चना की गई।
विधि विधानपूर्वक की पूजा-अर्चना
गंजडुंडवारा। नगर के रेलवे रोड स्थित पंचायती बाग शिव मंदिर, वनखंडी आश्रम स्थित शिवमंदिर, हनुमानगढ़ी, सराफा बाजार शिव मंदिर, गौरीशंकर मंदिर, पालीवाल मंदिर, मोहल्ला खेरू शिव मंदिर, चक्कीवाले बाबा मंदिर, ब्रह्मदेव महाराज मंदिर, जगन्नाथ मंदिर, कादरगंज रोड शिव मंदिर, एटा रोड शिव मंदिर, प्राचीन दुर्गा मंदिर में सुबह से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। शिवभक्तों ने दूध, घी, दही, गंगाजल, मिष्ठान, बेलपत्र आदि भगवान शिव को अर्पित किए। पूजा अर्चना कर प्रसाद वितरित किया।
किया गया दुग्धाभिषेक
सिढ़पुरा/पटियाली। पटियाली और सिढ़पुरा इलाके के मंदिरों में भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। पटियाली के पाताली महादेव मंदिर व अन्य शिवमंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और दुग्धाभिषेक व जलाभिषेक करके भगवान शिव से मनोकामनाएं कीं। सिढ़पुरा के शिव मंदिरों में भी भक्ति का आलम देखा गया। सुबह से ही जलकलश व दुग्धकलश लेकर मंदिरों पहुंचने लगे और भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया।
कासगंज के शीतला माता मंदिर में पूजा करती महिलाएं ।- फोटो : KASGANJ