उत्तर प्रदेश के एटा जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित गांव नगला गोकुल निवासी नगर पालिका कर्मी की हत्या के मामले में पुलिस ने हैरान करने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि केशव सिंह (55) की हत्या उसके बेटे ने ही बेलचे से प्रहार करके की थी। बेटे को शक था कि पिता उसे संपत्ति से बेदखल कर सकते हैं। ऐसे में उसको करोड़ों रुपये का नुकसान हो जाएगा। इसके चलते पिता को मौत के घाट उतार दिया और हत्या करने के बाद घर में जाकर सो गया।
एसएसपी उदय शंकर सिंह ने बताया कि नौ मार्च की रात करीब आठ बजे केशव की हत्या उसके बड़े पुत्र संतोष कुमार ने की थी। आरोपी को कोतवाली नगर प्रभारी सुधीर सिंह राघव ने टीम के साथ सोमवार की सुबह करीब 11 बजे रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। निशानदेही पर बेलचा बरामद कर लिया है।