मैनपुरी में कुर्रा थाना क्षेत्र के गांव नगला शोभा में सोमवार को शटरिंग हटाते समय निर्माणाधीन मकान का जीना टूट गया। मलबे के नीचे दबने से शटरिंग हटा रहे पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसे से घर में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के गांव नगला शोभा निवासी 60 वर्षीय जबर सिंह मकान के एक हिस्से का निर्माण करा रहे थे। दस दिन पहले जीना का निर्माण कराते हुए लिंटर डलवाया था। सोमवार को पुत्र लालू के साथ जीना का लिंटर खोल रहे थे।
पिता-पुत्र के शटरिंग हटाते ही जीना टूट गया और मलबा उनके ऊपर गिर पड़ा। चीख पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सूचना पुलिस को दी।
करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद मलबा हटाकर पिता-पुत्र के शव मलबे से बाहर निकाले जा सके। शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा।