मैनपुरी। बेसिक शिक्षा विभाग की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गईं। परीक्षाओं में कहीं सामूहिक नकल हो रही थी तो कहीं परीक्षा के समय में बच्चे खेलने में मस्त थे। शिक्षकों के साथ-साथ परीक्षा में शासन की लापरवाही भी नजर आई। प्रश्नपत्र के लिए कोई बजट उपलब्ध न होने के कारण छात्र-छात्राओं के लिए ब्लैक बोर्ड पर प्रश्न लिखे गए।
शासन के निर्देश पर जिले में परिषदीय स्कूलों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं सोमवार से शुरू हुईं। प्रथम दिन प्रथम पाली में सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक प्राथमिक वर्ग में मौखिक परीक्षा थी। जूनियर वर्ग में प्रथम पाली में बेसिक क्राफ्ट संबंधित कला, कृषि एवं गृह शिल्प की परीक्षा थी। वहीं द्वितीय पाली में खेल एवं शारीरिक शिक्षा, स्काउटिंग की परीक्षा थी। परीक्षा के दौरान स्कूलों में अनियमितताएं देखी गईं।