मथुरा के फरह में रेलवे की ग्रुप डी की परीक्षा में रेलवे अफसरों ने चेकिंग के दौरान एक सॉल्वर को पकड़ लिया। पकड़ा गया युवक इलाहाबाद के युवक के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। वो बिहार के गया जिले का रहने वाला है।
शुक्रवार को मथुरा के ईवीएस विद्यालय अकबरपुर छाता तथा फरह के हरदयाल कॉलेज रैपुरा में परीक्षा थी। फरह के हरदयाल कॉलेज में 120 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे थे। इसमें इलाहाबाद के छात्र बालकिशन यादव के स्थान पर संदीप कुमार नाम का छात्र परीक्षा देते पकड़ा गया।
रेलवे जंक्शन के स्टेशन डायरेक्टर एनपी सिंह ने जब परीक्षार्थी के प्रपत्र चेक किए तो उसके आधार कार्ड पर शक हुआ। एनपी सिंह ने आधार कार्ड व फार्म में भरे फोटो से मिलान कराया तो फोटो भिन्न मिला। इस पर एनपी सिंह ने फरह पुलिस बुला ली और संदीप कुमार को पुलिस के हवाले कर दिया।