बेवर। मुख्यमंत्री द्वारा सौ दिन के एजेंडा कार्यक्रम के तहत प्रत्येक कार्यालय को दिए जा रहे टास्क में अब प्रत्येक माह के तीसरे शुक्रवार को दोपहर तीन बजे से चार बजे तक समाधान दिवस का आयोजन जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में किया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने मनोज कुमार वर्मा ने अमर शहीद इंटर कॉलेज बेवर में आयोजित विदाई समारोह में बताया कि माह के तीसरे शुक्रवार को उनके कार्यालय में समाधान दिवस का आयोजन होगा। समाधान दिवस के समय आने वाली माध्यमिक शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की समस्याओं को एक माह के अंदर निस्तारण करने का पूरा प्रयास होगा।
अध्यक्षता करते हुए माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कृष्णानंद दुबे ने कहा कि यूपी बोर्ड के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद जनपद स्तर पर एक सम्मान समारोह का आयोजन किया जाए। जिसमें जनपद में टॉप टेन में स्थान बनाने वाले 10 छात्र एवं दस छात्राओं को सम्मानित किया जाए। जिससे यूपी बोर्ड के विद्यालयों में पढ़ने वाले आम जनमानस के छात्र-छात्राओं को भी प्रोत्साहन मिल सके और यूपी बोर्ड के विद्यालय भी अपनी प्रतिभाओं में और निखार लाने के लिए प्रेरित हों। संचालन जीआईसी के प्रधानाचार्य नीरज दुबे और करन सिंह ने किया।
इस मौके पर अमर शहीद इंटर कॉलेज के कार्यवाहक प्रधानाचार्य शिवराज सिंह, पंकज सिंह चौहान, सरितकांत भाटिया, वीरेंद्र सिंह चौहान, प्रधानाचार्य शिवराज सिंह बैस, डॉ. राकेश दीक्षित, राघवेंद्र सिंह सिसौदिया, यश कुमार, विनय सिंह, भूपेंद्र सिंह चौहान, अजय यादव मौजूद रहे।