चिलचिलाती धूप और उमस से बीमारियां बढ़ रहीं हैं। एसएन में मरीजों की भरमार है। ऐसे में चिकित्सकों ने सलाह दी है कि मास्क पहनें, पर्याप्त पानी पिएं, हल्का और पौष्टिक आहार लें।
आगरा में चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रही है। वायरल बुखार, शरीर दर्द, शरीर पर दाने और भूख न लगने जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।
विज्ञापन
मंगलवार को एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में 3891 मरीजों का उपचार किया गया। इनमें सबसे अधिक मरीज वायरल बुखार और मौसमी संक्रमण के पीड़ित मिले। शरीर पर दाने और खुजली की समस्या से भी लोग ग्रसित रहे। कई मरीज भूख न लगने की समस्या और शरीर में दर्द से पीड़ित रहे।
मेडिसिन विभाग के डॉ. प्रभात अग्रवाल ने बताया कि उमस और पसीने की वजह से शरीर में पानी और मिनरल्स की कमी हो जाती है। इससे लोग बीमार पड़ रहे हैं। यह वायरल संक्रमण है इसलिए मास्क लगाकर रहें। बाहर निकलते समय पर्याप्त पानी पीएं, हल्का और पौष्टिक आहार लें। मौसम में हो रहे बदलावों से बचाव करें। शरीर को ढककर रखें।