आगरा। जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग कल्याण संस्थान पीपी टाउन फरह मथुरा की ओर से सोमवार को प्रोन्नति दिवस समारोह मनाया गया। आयोजन संजय प्लेस स्थित यूथ हॉस्टल में हुआ। जहां दिव्यांगों ने अपने हौसले और जज्बे से बता दिया कि दृष्टिबाधित है तो क्या, उड़ना हम भी जानते हैं।
मुख्य अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि दिव्यांग बच्चों ने ये दिखाया कि हम किसी से कम नहीं है। ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए जिससे इन बच्चों में आत्मविश्वास उत्पन्न हो। विशिष्ट अतिथि मनीष राय ने कहा कि इस आयोजन के बीच आकर ऐसा लगा कि कुछ न होते हुए भी आप सब कुछ पा सकते हो। बस कुछ करने की जिद और सपनों को हासिल करने की हिम्मत होनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भजन, नृत्य, हास्य आदि कई मनमोहक प्रस्तुति दी। कदम ताल मिलाकर ग्रुप डांस ने खूब तालियां बटोरी। द्वितीय चरण के अंतर्गत कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें राम खिलाड़ी, प्रदीप गंगवार, आरफा शबनम, अभय शर्मा, रचना गोस्वामी आदि कवियों ने काव्य पाठ प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में यूपी बोर्ड में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले दिव्यांग मेधावियों को सम्मान दिया गया। साथ ही दृष्टिबाधित हास्य जगत के अभय शर्मा और (उपनिदेशक शिक्षा विभाग दिल्ली सरकार) गोपाल सिसोदिया को जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग गौरव सम्मान दिया गया। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष रवि दिनकर, कोषाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, सचिव प्रवीन कुमार मिश्रा भी मौजूद रहे।