आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज को मिनी एम्स की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। 2027 तक पांच परियोजनाएं पूरी हो जाएंगी। यहां पर फेफड़े-हृदय के प्रत्यारोपण हो सकेंगे। ट्रामा सेंटर में भी अतिगंभीर मरीजों का उपचार मिल सकेगा। इससे मरीजों को दूसरे शहरों में इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा।
इंटीग्रेटेड प्लान के तहत लेडी लॉयल को मिलाकर एसएन को मिनी एम्स बनाया जा रहा है। निर्माण दो चरणों में होगा। बजट करीब 1200 करोड़ रुपये है। पहले चरण में करीब 500 करोड़ रुपये की परियोजनाएं हैं। इसमें पांच भवन हैं। क्रिटिकल केयर यूनिट बन गई है, यहां पर वक्ष एवं क्षय रोग विभाग का एडवांस सेंटर होगा। फेफड़ों का प्रत्यारोपण भी हो सकेगा, बाकी के चार भवनों का 80 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। 2027 में ये सभी तैयार हो जाएंगे। इसके बाद दूसरे चरण में छह विभागों के लिए भवन बनेंगे।
प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि इंटीग्रेटेड प्लान के तहत एसएन में एम्स सरीखी चिकित्सकीय सेवाएं मिलेंगी। क्रिटिकल केयर यूनिट का भवन बन चुका है। इसमें जरूरी चिकित्सा उपकरण समेत अन्य की सुविधा की जाएगी। मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, स्पेशल वार्ड होंगे। योजना पूरी होने पर भविष्य में यहां किडनी के बाद हृदय-फेफड़ों समेत अन्य अंगों का प्रत्यारोपण हो सकेगा।
12 बहुमंजिला में सिमटेगा एसएन, होगी एयर कनेक्टिविटी
इंटीग्रेटेड प्लान के तहत एसएन में दो चरणों में 12 बहुमंजिला भवन बनेंगे। इसमें आधुनिक चिकित्सा उपकरण, वार्ड, पैथोलॉजी लैब समेत अन्य की सुविधा होगी। इन भवनों की एयर कनेक्टिविटी होगी, जिससे जरूरत पर मरीजों को आसानी से दूसरे विभाग स्थानांतरित किया जा सकेगा।
इनका हो रहा है निर्माण
क्रिटिकल केयर एंड पलमोनरी मेडिसिन यूनिट 137 करोड़ से बनी है। इसमें 100 बिस्तर होंगे। टीबी, सांस, फेफड़े और छाती रोग के मरीजों का इलाज होगा। सर्जरी और मेडिसिन एलाइड में 200-200 बिस्तर होंगे। 125 करोड़ रुपये का बजट है। इसमें आईसीयू, स्पेशल वार्ड की सुविधा होगी। सर्जरी के लिए ओटी होंगी। ट्रामा एंड इमरजेंसी में 220 बिस्तर होंगे। ये 140 करोड़ से बन रही है। 40 बिस्तर की आईसीयू होगी। न्यूरो सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, जनरल सर्जरी, हड्डी रोग, कार्डियोथोरेसिक एंड वैस्कुलर सर्जरी की सुविधा मिलेगी। यूजी-पीजी के 1260 छात्रों के लिए छात्रावास बन रहा है। इसका 100 करोड़ रुपये बजट है। यूजी-पीजी की बढ़ी सीटों के चलते छात्रावास की कमी नहीं होगी।