मैनपुरी। रोडवेज बस स्टैंड पर मंगलवार की सुबह खड़े यात्रियों में उस समय अफरा तफरी मच गई। जब कानपुर जाने के लिए खड़ी मैनपुरी डिपो की अनुबंधित बस के इंजन से धुआं निकलने लगा। धुआं निकलते देख बस के पास पहुंचे चालक और परिचालक ने इंजन पर पानी डालकर निकल रहा धुआं बुझाया।
मंगलवार की सुबह आठ बजे रोडवेज बस स्टैंड पर कानपुर जाने के लिए मैनपुरी डिपो की अनुबंधित बस संख्या यूपी 84टी/5036 खड़ी थी। चालक और परिचालक बस स्टैंड के दूसरी ओर दुकान पर चाय पी रहे थे। खड़ी बस के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। यह देख बस स्टैंड पर खड़े यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। किसी अनहोनी की आशंका से लोग बस स्टैंड परिसर में ही इधर उधर खड़े हो गए।
यात्रियों ने बस के इंजन से धुआं निकलने की जानकारी पूछताछ केंद्र पर दी। पूछताछ केंद्र से हुए एनाउंस के बाद चालक और परिचालक बस के पास पहुंच गए। चालक ने इंजन पर पानी डालकर निकल रहे धुआं को बुझाया। एआरएम संजीव कुमार ने बताया कि इंजन के तार में शाॅर्ट सर्किट हो जाने से धुआं निकला था। बाद में तार को दोबारा जोड़कर बस को मार्ग पर भेज दिया गया है।