बाह-जैतपुर रोड पर बरात से लौट रहे पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को हथियारबंद चार बदमाशों ने घेर लिया। लाठी-डंडों से पिटाई करने के बाद बदमाशों ने लूटपाट की। विरोध करने पर पिता-पुत्र को गोली मार दी। पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र घायल हो गया। इसी बीच मौका पाकर तीसरा व्यक्ति भाग निकला। उसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एसएन मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया। बदमाशों का कुछ सुराग नहीं मिल पाया है।
खेड़ा राठौर थाना क्षेत्र के गांव सामरमऊ निवासी दिनेश शर्मा के बेटे दुर्गेश की बरात मंगलवार रात कस्बे के जेपी पैलेस मैरिज होम में आई थी। इसमें गांव के उमेश नरायन (50) अपने बेटे बृजेश (25) के साथ शामिल हुए थे। दावत के बाद दोनों अपने पड़ोसी प्रेमशंकर के साथ उसकी बाइक से घर लौट रहे थे। रात तकरीबन 11 बजे बाह-जैतपुर रोड पर प्रिंस पेट्रोल पंप के नजदीक घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
प्रेमशंकर ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने बाइक रोकने के साथ ही लाठी, डंडों से हमला कर दिया। वह सड़क के पास खंदक में जा गिरा और बदमाशों के चंगुल से छूटकर भाग निकला। उधर, बदमाशों ने उमेश से 2400 रुपये लूट लिए। वह बदमाशों से भिड़ गए। इस पर बदमाशों ने उमेश और उनके बेटे बृजेश को गोली मार दी। लूटपाट के बाद बदमाश भाग निकले।
प्रेमशंकर ने मैरिज होम पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इस पर बरातियों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उमेश नारायन की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घायल बृजेश को सीएचसी बाह में भर्ती कराया, जहां से आगरा भेजा गया। घटना के संबंध में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।