फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ताजनगरी में पर्यटकों और होटल-रेस्तरां के बीच 'स्मार्ट सिटी' की दीवार, जानिए क्या है मामला

Sat, 12 Sep 2020 02:58 PM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
फतेहाबाद मार्ग के होटलों और सड़क के बीच स्मार्ट सिटी की दीवार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

ताजनगरी में पर्यटकों और फतेहाबाद रोड के पर्यटन कारोबारियों के बीच स्मार्ट सिटी ‘दीवार’ खड़ी कर रही है, जिससे होटल रेस्टोरेंट और एंपोरियमों तक पर्यटकों का पहुंचना मुश्किल हो जाएगा। हाईकोर्ट द्वारा खारिज की जा चुकी लवर्स लेन की तर्ज पर स्मार्ट सिटी सर्विस लेन का निर्माण करा रही है जो महज 15 फुट चौड़ी है। पर्यटन कारोबारी इस सर्विस लेन के निर्माण और मेन रोड पर दीवार लगाने के खिलाफ हैं।  

विज्ञापन


होटल मुगल से लेकर ट्राइडेंट होटल के किनारे तक करीब डेढ़ किमी लंबी सर्विस रोड और फतेहाबाद रोड के बीच में बनाई जा रही है। कारोबारियों का कहना है कि 120 फुट चौड़ी फतेहाबाद रोड के किनारे प्लॉट लेने पर स्टांप शुल्क और नक्शा पास कराने के समय डेवलपमेंट चार्ज कई गुना ज्यादा दिया है। ऐसे में अब उनका निर्माण 15 फीट चौड़ी रोड पर ही रह जाएगा। मेन रोड से सर्विस रोड पर अंदर आने के लिए उन्हें काफी आगे से घूम कर आना पड़ेगा।  


होटल संचालकों का साफ कहना है कि स्मार्ट सिटी के अधिकारी 15 फीट चौड़ी सड़क पर एक टूरिस्ट बस लाकर दिखाएं। वह फतेहाबाद रोड से कट में कैसे मुड़ पाएगी और उस बस के अंदर आने पर कोई दूसरा वाहन कैसे निकल पाएगा। स्मार्ट सिटी के अधिकारी अगर ऐसा कर देंगे तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं हैं। सर्विस लेन पर बस आने के बाद आमने सामने वाहन निकल नहीं पाएंगे।  

विज्ञापन

जाम में फंसा करेंगे पर्यटक और स्थानीय लोग 

फतेहाबाद रोड पर 400 से ज्यादा होटल, रेस्टोरेंट और एंपोरियम है। इसी के साथ करीब 70 मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में रहने वाले 6000 से ज्यादा फ्लैट मालिक है जिन्हें इस योजना के कारण परेशान होना पड़ेगा। महज 15 फुट चौड़ी सर्विस लेन से ही उनका आनाजाना होगा। ऐसी स्थिति में पर्यटकों को किसी भी होटल में लेकर आई बस से अगर पर्यटक उतरते हैं तो कम से कम 10 से 15 मिनट का समय लग जाएगा जिस वजह से दिनरात जाम लगा रहेगा।   

हाईकोर्ट के आदेश पर निरस्त हुआ था लवर्स लेन 

12 साल पहले आगरा विकास प्राधिकरण ने फतेहाबाद रोड पर इसी तरह से लवर्स लेन बनाने की योजना तैयार की थी। तब लवर्स लेन को सदर बाजार की तर्ज पर लाल पत्थरों से केवल पैदल यात्रियों के लिए बनाया जाना था। 

हाईकोर्ट में पर्यटन उद्यमियों ने याचिका दायर की जिसमें आगरा महायोजना के मुताबिक ही निर्माण कार्य करने के आदेश दिए गए थे। हाईकोर्ट के आदेश के बाद एडीए ने लैंड यूज न बदलकर लवर्स लेन की योजना ही निरस्त कर दी। उद्यमियों का कहना है कि इस रोड पर केवल ड्रेनेज और डक्ट बनाने का काम बताया गया था। यह दीवार बीच में कहां से आ गई। 

पर्यटन उद्योग को तबाह करने पर आमादा स्मार्ट सिटी

लॉकडाउन के कारण पहले ही 6 महीने कारोबार बंद रहा है। लगता है स्मार्ट सिटी आगरा के पर्यटन उद्योग को तबाह करने पर आमादा है। - राकेश चौहान, अध्यक्ष, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन 

पर्यटक होटल से 200-300 मीटर दूर पैदल नहीं आएंगे

पार्क बनाना है तो बनाइए। इसमें किसी की कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन सर्विस रोड 15 फुट से चौड़ी बनाई जाती तो कम से कम दो वाहन तो निकल पाते। समस्या यही है कि पर्यटक होटल से 200 या 500 मीटर दूर से पैदल नहीं आएंगे। - नरेंद्र गुप्ता उपाध्यक्ष, होटल एसोसिएशन  

'मंत्री जी के आदेश का भी पालन नहीं'

मंत्री के साथ बैठक में काम रोकने के लिए कहा गया था, लेकिन स्मार्ट सिटी के अधिकारी मंत्री जी के आदेश का पालन भी नहीं कर रहे हैं। यहां रहने वाले और होटल रेस्टोरेंट वालों के लिए मुसीबत हो जाएगी। स्टेकहोल्डर्स के साथ कोई बैठक कर योजना नहीं बताई। - मोहन सिंह लोधी, पार्षद दल नेता  
विज्ञापन

'ऐसे तो आगरा में काम करना मुश्किल हो जाएगा'

जैसे तैसे ताजमहल खुलने वाला है, लेकिन स्मार्ट सिटी के अधिकारी होटल और पर्यटकों के बीच दीवार खड़ी कर रहे हैं। ऐसे तो आगरा में काम करना मुश्किल हो जाएगा। यह लोग सुंदरीकरण के नाम पर कारोबार की बलि चढ़ाने जा रहे हैं। यह रुकना चाहिए। - सुमित उपाध्याय, अध्यक्ष, टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन 

10 पार्किंग बनाईं, बैठने के लिए बेंच लगेंगी

सर्विस लेन और मेन रोड के बीच हरियाली होगी। बैठने के लिए बेंच लगाई जाएंगी। हमने 10 पार्किंग बनाई है, जहां गाड़ियां पार्क कर के लोग पैदल जा सकते हैं। 15 फुट की सर्विस रोड काफी चौड़ी है। अपने निर्माण के दौरान पार्किंग के लिए लोगों ने जगह क्यों नहीं छोड़ी। - आरके सिंह नोडल अधिकारी, स्मार्ट सिटी
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें