संभागीय परिवहन विभाग में वाहन सर्वर की धीमी रफ्तार के कारण फिटनेस, पंजीकरण और स्थानांतरण के काम पर ब्रेक लगा दिया है। प्रतिदिन एक वाहन की फिटनेस मुश्किल से हो पा रही है। ड्राइविंग लाइसेंस के आवेदन या नवीनीकरण कार्य में कोई दिक्कत नहीं आ रही है। इसकी वजह लाइसेंस का कार्य सारथी सर्वर से होना है।
वैसे तो वाहन फिटनेस का कार्य प्राइवेट संस्थान कर रहे है लेकिन तिथि और आवेदन वाहन सर्वर के माध्यम से होते है। आरटीओ अधिकारियों की तरफ से एक सप्ताह तक यह परेशानी बने रहने का दावा किया गया है। शुक्रवार को फिटनेस, पंजीकरण और स्थानांतरण संबंधी कार्य सर्वर की धीमी रफ्तार होने की वजह से कम हुए। इस वजह से लोगों को परेशानी हुई।
कार्यालय के परिसर में लोग वाहन लेकर धूप में खड़े रहे लेकिन अधिकारियों ने जांच नहीं की। ड्राइविंग लाइसेंस के आवेदन पर कोई भी परेशानी देखने को नहीं मिली क्योंकि इसके लिए आवेदन सारथी पोर्टल से किए जाते है। आरआई संजीत कुमार ने बताया कि वाहन सर्वर पूरी तरह से ठप नहीं हुआ है। उसकी रफ्तार धीमी होने के कारण परेशानी हो रही है।