आगरा। एकलव्य स्टेडियम में चल रहे मरम्मत और सुधार कार्य की रफ्तार बेहद धीमी मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने कार्यदायी संस्था को फटकार लगाई। कई जगह काम अधूरा मिला, जबकि शूटिंग यार्ड में अभी तक काम शुरू नहीं हुआ था। सोमवार को सीडीओ खेल विभाग की धनराशि से कराए जा रहे जीर्णोद्धार कार्यों का जायजा लेने पहुंचीं।
स्टेडियम की कुल 14 अवस्थापनाओं में से केवल 11 पर ही काम चलता पाया गया। कार्य की रफ्तार बेहद धीमी मिलने पर नाराजगी जताई और कार्यदायी संस्था को हर कार्य की अलग-अलग समयसीमा तय कर चार्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सबसे गंभीर स्थिति शूटिंग यार्ड की मिली, जहां मौके पर कोई काम चलता नहीं पाया गया। इस पर सीडीओ ने तत्काल काम शुरू कर निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। बास्केटबॉल, जिम्नास्टिक और बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण खेल विशेषज्ञों की राय लेकर आधुनिक तकनीकी मानकों के अनुरूप कराने के निर्देश भी दिए।