आगरा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग राज्य बनाने की मांग को लेकर जनमंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अजय सिंह शनिवार को भी आनंदी भैंरो 100 फुटा रोड दयालबाग स्थित कार्यालय पर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे रहे। दोपहर को केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड पर मुख्यमंत्री के लिए बनाए गए हेलीपैड के पास पहुंचकर नारेबाजी की। जहां उनकी पुलिस से नोकझोंक भी हुई।
जनमंच के अध्यक्ष ने बताया कि वह करीब 1 बजे मुख्यमंत्री के लिए बनाए गए हेलीपैड के पास पहुंच गए थे। मुख्यमंत्री के आते ही सड़क पर खड़े होकर अलग राज्य की मांग के लिए नारेबाजी की। पुलिस ने हटाने की कोशिश की तो नोकझोंक हो गई। यदि सरकार उनकी मांग पर ध्यान नहीं देती है, तो वह आखिरी सांस तक अनशन पर रहेंगे।