तहसील सदर क्षेत्र में एक किसान की सदमे से मौत हो गई। थ्रेसर से गेहूं की खंदाई के बाद निकली कम पैदावार से किसान सदमा में था। मामले की जानकारी पर तहसील के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
ग्वालियर रोड स्थित सलेमबाद निवासी भूमिजीत सिंह (58) ने खुद की ढाई बीघा जमीन में गेहूं और चार बीघा जमीन भेज (किराए) पर लेकर आलू की फसल की थी। भूमिजीत के बेटे रामअवतार ने बताया कि बारिश होने से आलू खेत में ही सड़ गया। इससे पिता बेहद दुखी थे। परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। इसके बाद मंगलवार शाम गेहूं की फसल को थ्रेसर से खंदाया तो अनाज काफी कम निकला। यह देख भूमिजीत मायूस हो गए। वे घर जाकर चुपचाप सो गए। उन्हें खाना खाने के लिए जगाया तो बर्बाद होने की बात कहकर फिर सो गए। बुधवार सुबह उनकी मौत होने की जानकारी से परिवार में कोहराम मच गया।
भूमिजीत सिंह की मौत की सूचना पर एडीएम हरिनाम सिंह और एसडीएम सदर ए. दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवारीजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। ग्रामीणों ने बताया है कि सभी संसाधन दुरुस्त हों तो एक बीघा खेत में लगभग 8-10 क्विंटल गेहूं की पैदावार होती है। इस बार आधे से भी कम गेहूं निकल रहा है। विधायक कालीचरण सुमन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस को बंधाया और परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग की है। शाम साढ़े आठ बजे जिलाधिकारी पंकज कुमार भी पीड़ित परिवार से मिले।