आगरा की तहसील किरावली अंतर्गत ब्लाक अकोला के एक गांव में छह वर्षीय बालक की डेंगू से मौत हो गई। चार दिन पहले उसे आगरा में भर्ती कराया गया था, जहां से डेंगू की पुष्टि होने पर दिल्ली रेफर किया गया था। रास्ते में हालत ज्यादा बिगड़ने पर घरवाले मथुरा के एक निजी हॉस्पिटल में लेकर चले गए थे, जहां उसकी सांसें थम गईं।
ब्लाक अकोला के एक गांव में छह साल के एक बालक को चार दिन पहले बुखार आने से तबीयत बिगड़ गई थी। इस पर परिजन आगरा के निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले आए। अस्पताल में जांच के दौरान बालक को डेंगू की पुष्टि हुई। इलाज के बाद भी तबीयत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे शुक्रवार सुबह सर गंगाराम हॉस्पिटल दिल्ली ले जाने की सलाह दी थी।
रास्ते में हालत बिगड़ने पर मथुरा जिले के प्राइवेट अस्पताल में बालक को भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। बालक की मौत से घर में कोहराम मच गया। संबंधित गांव के पूर्व प्रधान ने बताया कि मृतक बालक परिवार में इकलौता था और जो शादी के सात वर्ष बाद पैदा हुआ था।
इस मामले में सीएमओ डॉ मुकेश वत्स का कहना है कि बच्चे की मौत अगर डेंगू से हुई है तो इसकी जांच कराई जाएगी। बता दें कि फतेहपुर सीकरी क्षेत्र की दो महिलाओं को डेंगू की पुष्टि हुई है, जिनका इलाज आगरा के ही निजी अस्पताल में कराया जा रहा है।