आगरा नगर निगम ने गृहकर वसूली के लिए बृहस्पतिवार को कड़ा रुख अपनाते हुए संजय प्लेस में सात लाख रुपये बकाया नहीं चुकाने पर छह दुकानें सील कीं। बार-बार नोटिस और कुर्की वारंट के बावजूद बकाया जमा नहीं कराने पर यह कार्रवाई की गई।
विज्ञापन
नगर निगम प्रशासन ने कहा है कि अब लापरवाही बरतने वाले बकायेदारों को कोई रियायत नहीं दी जाएगी। जोनल अधिकारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मौके पर ही दुकानों पर ताले जड़ दिए। इस कार्रवाई से पूरे संजय प्लेस मार्केट में खलबली मच गई। कार्रवाई के दौरान कर अधीक्षक अक्षय कुमार, निगमकर्मी और पुलिस बल भी रहा।
जोनल अधिकारी के मुताबिक, सीलिंग की कार्रवाई मुख्य रूप से उन बड़े बकायेदारों पर हुई जिन्होंने नोटिस को गंभीरता से नहीं लिया था। इनमें राजीव शर्मा पर 2,57,924, मारुति प्लाजा पर 1,53,738 रुपये, बांके बिहारी गोयल पर 1,08,770 रुपये, रेखा गुप्ता पर 91,997 रुपये , मनोज जैन पर 84,980 रुपये और हरी प्रकाश पर 84,000 रुपये गृहकर बकाया था।
प्रभारी कर एवं सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय ने बताया कि यह अभियान केवल संजय प्लेस तक सीमित नहीं रहेगा। शहर के अन्य क्षेत्रों में भी बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर ली गई है। दुकानों के सील होने की खबर फैलते ही कई अन्य बकायेदार अपना टैक्स जमा करने के लिए निगम कार्यालय पहुंचने लगे हैं।
कार्रवाई से बचना है तो बकाया जमा करें
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि नगर निगम की प्राथमिकता राजस्व वसूली को शत-प्रतिशत पूरा करना है। जिन लोगों पर भी गृहकर बकाया है, वे कार्रवाई से बचने के लिए तत्काल इसे जमा करें। अन्यथा, आने वाले दिनों में सीलिंग और कुर्की की कार्रवाई और तेज की जाएगी।