दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर सिकंदरा में 12 मई को हुई गति कोरियर कंपनी के कंटेनर लूट का पुलिस ने खुलासे का दावा किया है। छह बदमाशों को गिरफ्तार कर 12 लाख का माल बरामद किया है।
विज्ञापन
बदमाशों ने लाइसेंसी हथियारों से वारदात की थी। गैंग का सरगना फरार है। कंटेनर में हवाला के दस करोड़ रुपये और महंगे मोबाइल होने की सूचना पर वारदात को अंजाम दिया गया था।
एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में लक्ष्मण सिंह, सौरभ, भूपेंद्र उर्फ पिंटू, सिंटू, विकास और फिरोज हैं। दो आरोपी लाला और गौरव फरार हैं।
विज्ञापन
ये सामान हुआ बरामद
लुटेरों के पास से बरामद सामान
- फोटो : अमर उजाला
अभियुक्तों के पास से 12 किलोग्राम चांदी, तीन मोबाइल, एक रायफल, एक डबल बैरल बंदूक, रिपीटर गन, एक पोनिया, तमंचा, एसी, टीवी, सीड्स, जूते और 200 ग्राम चांदी की पायल बरामद की हैं।
फरार आरोपी गौरव और गिरफ्तार आरोपी लक्ष्मण रिश्ते में मामा-भांजे हैं। गैंग के सरगना भी हैं। इन दोनों ने ही लूट की योजना बनाई थी। उन्होंने पहली बार वारदात को अंजाम दिया है।
पुलिस ने बताया कि गौरव के पास सूचना थी कि 10 करोड़ का अवैध धन और मोबाइल कोरियर कंपनी के कंटेनर से भेजे जा रहा है। उन्होंने तय किया कि कैश मिलने पर आपस में बांट लेंगे। इसके बाद कोई लूट नहीं करेंगे।
वारदात में प्रयुक्त की गई कार
- फोटो : अमर उजाला
वे 12 मई को सिकंदरा में कोरियर कंपनी के दफ्तर के पास बोलेरो लेकर खड़े हो गए। इसी बीच कैश और मोबाइल लेकर जा रहा कंटेनर निकल गया। बदमाशों ने पीछा करके दूसरा कंटेनर रोका।
मगर, उसमें कपड़े, चांदी और अन्य सामान ही निकला। उसे फाउंड्री नगर में कोल्ड स्टोरेज पर ले जाकर खाली कर दिया। बाद में कालिंदी विहार में खड़ा कर आए। पुलिस फरार सरगना की तलाश कर रही है।
गौरव नोएडा में पहले कोरियर कंपनी में काम करता था। इसलिए उसे पता था कि कोरियर कंपनी से कैश और अन्य कीमती सामान भेजा जाता है। वो लॉक खोलना भी जानता था।
कोल्ड स्टोरेज कर्मी को दिया लालच
पकड़े गए लुटेरे
- फोटो : अमर उजाला
उसे यह भी पता था कि गाड़ी को वाणिज्य कर अधिकारी और आरटीओ के द्वारा रोका जाता है। गौरव ने फाउंड्री नगर के पास स्थित मित्तल कोल्ड स्टोरेज में भी काम किया है। उसने ही कोल्ड स्टोरेज के कर्मी फिरोज से संपर्क किया।
गौरव ने कोल्ड स्टोरेज कर्मी फिरोज को रुपयों का लालच दिया था। फिरोज ने कोल्ड स्टोरेज के अन्य कर्मचारियों को बताया था कि उसके परिचित कंटेनर लेकर आएंगे। यहां पर माल खाली करने के बाद वापस चले जाएंगे।
इस पर किसी को शक नहीं हुआ। बदमाश बोलेरो से सादाबाद चले गए। यहां के बाद वापस एत्माद्दौला के गुलाब नगर आए। यहां पर गौरव ने अपने बहनोई के यहां पर माल रखा था।
पकड़ा गया लक्ष्मण स्कूल बस चलाता है। सौरभ बीएससी पास है। उसकी डेयरी है। बोलेरो भूपेंद्र की थी। सिंटू खेतीबाड़ी करता है। विकास दसवीं फेल है। उनकी उम्र 25 से 30 वर्ष है।
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि गौरव और उसके साथी जल्दी अमीर बनना चाहते थे। उनकी योजना थी कि बड़ी लूट करने के बाद घर बैठ जाएंगे। इसके बाद अपना कोई काम खोल लेंगे।
लूट के माल के साथ एक रिपीटर गन भी बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि रिपीटर गन को कोरियर से मणिपुर के लिए बुक किया गया था। यह राजामंडी के एक गन हाउस से बुक कराई गई थी।
पुलिस का कहना है कि बंदूक को इतनी दूर से क्यों खरीदा गया। मणिपुर के नजदीक के राज्यों में गन हाउस हैं। इसकी जांच की जा रही है। कोरियर करने में उसकी कीमत भी काफी कम लिखाई गई है।