मैनपुरी। पिछले 24 घंटे जिले में कोरोना संक्रमण को लेकर राहत भरे रहे। शनिवार को जनपद में मात्र छह कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 9908 पहुंच गई है। नए संक्रमितों को सीएमओ के निर्देश पर होम आइसोलेट किया गया है।
पिछले 24 घंटे में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में 176 लोगों की कोरोना जांच कराई गई। जांच के दौरान किशनी विकास खंड के गांव इंद्रपुर में एक 11 वर्षीय बालक, नैगवां समान कटरा में एक 19 वर्षीय युवती, मकरंदपुर निवासी 60 वर्षीय वृद्ध, बरनाहल के खुशहालपुर निवासी 28 वर्षीय युवक, भोगांव के रतनपुर बरा में 45 वर्षीय एक व्यक्ति, कुर्रा के हविलिया में एक 54 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला। सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने सभी को होम आइसोलेट कराया है। एक सप्ताह में पहली बार कोरोना संक्रमितों की संख्या 10 से नीचे आई है। जिले में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या भी 212 रह गई है। सभी 212 संक्रमित होम आइसोलेट हैं।