शाहगंज क्षेत्र की महिला डॉक्टर को धमकी देने और फोटो वायरल करने के लिए फर्जी आईडी पर सिम लिए गए थे। जिसके बाद महिला डॉक्टर से चौथ मांगी गई। महिला डॉक्टर की शिकायत के बाद थाना शाहगंज में मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें एक आरोपी को जेल भेजा गया था।
आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र की एक महिला डॉक्टर से पांच लाख रुपये की चौथ मांगी गई थी। उसका आरोप था कि फतेहगढ़ जेल में बंद शाहगंज के बदमाश ने फोन करके रुपये देने को कहा था। इस मामले में शाहगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने बदमाश के भाई को जेल भेजा था। पुलिस की विवेचना में पता चला कि कॉल जिस नंबर से किया गया था, उसका सिम मुरादाबाद के व्यक्ति की आईडी पर है, जबकि फोटो वायरल करने वाले का सिम उदयपुर की आईडी पर है।
विज्ञापन
आपत्तिजनक फोटो खींचकर किया गया ब्लैकमेल
इस मामले में 16 मार्च को सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। महिला डॉक्टर का आरोप था कि शाहगंज के रहने वाले महेश कुमार और उनके परिजनों ने बहाने से अपने घर बुलाया था। कोल्ड ड्रिंक में नशे की दवा पिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद आपत्तिजनक फोटो खींचकर ब्लैकमेल किया।
बदमाश के भाई को पुलिस ने भेजा जेल
महेश का भाई सुधीर सिंह भदौरिया फतेहगढ़ जेल में बंद हैं। उसने फोन करके पांच लाख रुपये की चौथ मांगी। रुपये नहीं देने पर फोटो वायरल कर दिए। पुलिस ने महेश को जेल भेजा था।
सिम कौन चला रहा है?
थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि धमकी देने के लिए मुरादाबाद की आईडी के सिम का इस्तेमाल किया गया। कॉल फतेहगढ़ से की गई थी। वहीं फोटो वायरल करने वाले की सिम उदयपुर की आईडी पर थी। फर्जी आईडी पर सिम लिया गया। सिम कौन चला रहा है? इस विषय में जांच की जा रही है।