मध्य प्रदेश के सागर जिले में आगरा के दो कारोबारियों की कार से 4.67 क्विंटल चांदी के जेवरात बरामद किए गए। इनकी कीमत 3.22 करोड़ रुपये बताई गई है। कारोबारी मौके पर जेवरात से संबंधित कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। जीएसटी की टीम भी जांच कर रही है। पुलिस ने माल सहित वाहन को भी सीज किया है।
विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद मध्य प्रदेश में पुलिस सीमा पर वाहनों की चेकिंग कर रही है। बुधवार रात सागर के मालथौन थाना पुलिस अटा सीमा पर चेकिंग कर रही थी। तभी आगरा नंबर की ईको स्पोटर्स कार को रोका गया। सागर पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट में जानकारी दी गई है कि चेकिंग में पकड़ी गई गाड़ी से चांदी की पायल, चेन और ब्रेसलेट के पैकेट मिले। कार में सवार बेलनगंज निवासी उमेश गोयल और बल्केश्वर निवासी अमित अग्रवाल ने खुद को चांदी कारोबारी बताया। पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह माल विजयवाड़ा और हैदराबाद ले जा रहे थे। वह दोनों मौके पर कागजात नहीं दिखा सके। इस पर जीएसटी की टीम को बुलाया गया।
चुनावी घोषणा के बाद भी ले गए जेवरात
आगरा से बड़े पैमाने पर हैदराबाद, बंगलूरू और दक्षिण भारत के शहरों में चांदी की पायलें और चेन भेजी जाती हैं। इसमें जीएसटी की चोरी भी बड़े पैमाने पर की जा रही है। चांदी कारोबारियों का माल मध्य प्रदेश में पकड़े जाने के बाद बाजार में भी चर्चा शुरू हो गई। लोग यही कह रहे थे कि आम तौर पर माल कूरियर कंपनी के माध्यम से भेजा जाता है। मगर, चांदी कारोबारी खुद क्यों ले जा रहे थे? मध्य प्रदेश में चुनावी बिगुल बज चुका है। ऐसे में पुलिस सक्रिय है और बार्डर पर चेकिंग चल रही है।