देशा का एकमात्र मूर्खानंद विवि अपना रजत जयंती समारोह मनाने जा रहा है। इस बार व्यंग्यकार रमेश मुस्कान को मूर्खाधिराज तो पत्रकार आदर्श नंदन गुप्ता को महामूर्ख खबरची का दर्जा मिलेगा। आगे पढ़ें और जानें किसे कौन सी उपाधि मिलेगी?
उत्तर प्रदेश के आगरा में 25 साल पूरे होने पर देश का एकमात्र मूर्खानंद विश्वविद्यालय रजत जयंती समारोह मनाने जा रहा है। सन 1999 में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलसचिव डॉ. रामअवतार शर्मा ने बचपन के अपने सखा राज बहादुर सिंह राज के साथ मिलकर मूर्खानंद विश्वविद्यालय की नींव रखी थी। इसका मकसद जीवन के तमाम तनावों से दूर हास्य और व्यंग्य के रास्ते होली पर विद्वानों को जोरदार शाब्दिक उपाधियां देकर हंसी मजाक करना था।
विज्ञापन
मूर्खानंद विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरधर शर्मा बताते हैं कि संस्कार भारती के साथ मिलकर 22 मार्च को कमला नगर स्थित कर्मयोगी एन्क्लेव के सेंट एंड्रूज पब्लिक स्कूल में रजत जयंती समारोह अपराह्न 2.30 बजे से शुरू होगा।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी मुख्य अतिथि के रूप में उपाधियों से अलंकृत होने वाली विभूतियों को उनके मूर्खतापूर्ण कार्यों को करते रहने का संकल्प दिलाएंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट विभाग के निदेशक डॉ. लवकुश मिश्रा शिरकत करेंगे।
गधे के चित्र की आरती उतारेंगे अतिथि
मूर्खानंद विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरधर शर्मा ने बताया कि 25 सालों से विभूतियों को सम्मानित करने से पहले समारोह का शुभारंभ गंर्धवराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर आरती उतारी जाएगी। गधे की आरती देश के प्रख्यात कवि राज बहादुर सिंह राज ने लिखी है।
काऊं-काऊं करेंगे समारोह के दर्शक
संस्कार भारती के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य राज बहादुर सिंह राज कहते हैं कि 25 साल पहले शुरू हुए मूर्खानंद विवि के समारोह में तालियां बजाने पर प्रतिबंध रहा है। उपाधि मिलने पर दर्शक काऊं-काऊं कर अपनी खुशी का इजहार करते हैं। इससे माहौल काफी हंसी मजाक का हो जाता है।
ये शख्सियतें उपाधियों से होंगी अलंकृत
डॉ. सपना को मिलेगी चपला चंचलासु्श्री उपाधि
एसएन मेडिकल कालेज में कार्यरत डॉ. सपना गोयल को चपला चंचलासुश्री की उपाधि से अलंकृत किया जाएगा।
डॉ. वत्सला को मिलेगा मूर्खमणि रत्न
समाजसेवी डॉ. वत्सला प्रभाकर को मूर्खमणि रत्न की उपाधि दी जाएगी।
पवन आगरी होंगे मूर्ख शिरोमणी
देश के प्रख्यात हास्य कवि पवन आगरी को मूर्ख शिरोमणि से नवाजा जाएगा।
मूर्खाधिराज की श्रेणी में होंगे रमेश मुस्कान
देश के जाने माने व्यंग्यकार रमेश मुस्कान को महामूर्खाधिराज की उपाधि दी जाएगी।
सदानंद को मिलेगा काक शिरोमणी सम्मान
शास्त्रीय संगीतज्ञ सदानंद ब्रह्मभट्ट को काक शिरोमणि की उपाधि प्रदान की जाएगी।
मूर्ख मौलिमणि होंगी दिपाली
नृत्य निर्देशिका दिपाली सिंह को मूर्ख मौलिमणि रत्न की उपाधि प्रदान की जाएगी।