फतेहपुर सीकरी रेलवे स्टेशन पर जल्द ही फुट ओवरब्रिज और दूसरा प्लेटफार्म बनाने का काम शुरू किया जाएगा। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने मंगलवार को स्टेशन का निरीक्षण कर पार्किंग बनाने, एयरकंडीशन वेटिंग रूम, सफाई और प्रवेश द्वार चौड़ा करने के निर्देश दिए।
रेलवे महाप्रबंधक अरुण कुमार सक्सेना सुबह साढे़ दस बजे सीकरी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। उन्होंने स्टेशन के निरीक्षण में अतिक्रमण हटाने, डिवाइडर को तोड़कर प्रवेश द्वार का सौंदर्यीकरण करने, प्लेटफार्म के बाहर पार्किंग स्थल विकसित करने, शौचालयों और मार्गों की नियमित सफाई के निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने फुट ओवरब्रिज (पैदल पार पथ) और दूसरे प्लेट फार्म के लिए तत्काल धनराशि स्वीकृत कराकर बनाने के निर्देश दिए। टूरिस्ट ट्रेन महाराजा एक्सप्रेस के सीकरी में आने पर यात्रियों को एयर कंडीशन वेटिंग रूम में ठहराने के निर्देश दिए। दिव्यांगों की सुविधा के लिये शौचालय तथा स्टेशन के अन्य स्थानों पर रैंप बनाने के लिए विशेष रूप से कहा। इससे पूर्व पथौली नहर पटरी, रेल फाटक, किरावली, कागारौल फाटक पर ओवरब्रिज स्थलों का निरीक्षण किया। उनका भाजपा नेता रामेश्वर सिंह, पालिकाध्यक्ष मोहम्मद इस्लाम ने सीकरी में स्वागत किया।
सांसद ने सीकरी के लिए रखी मांगें
फतेहपुर सीकरी के सांसद चौधरी बाबूलाल के प्रतिनिधि रामेश्वर चौधरी आगरा-बिचपुरी, फतेहपुर सीकरी-कागारौल, किरावली-कागारौल, पथौली नहर रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज बनाने, अछनेरा जंक्शन पर अहमदाबाद कोटा एक्सप्रेस ठहराव और सीकरी स्टेशन पर अजीमाबाद एक्सप्रेस, ओखा वाराणसी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की। आगरा-बयाना-बांदीकुर्द रेलवे मार्ग पर डबल ट्रैक बनाने और सीकरी में तेहरा गेट पर वैकल्पिक मार्ग बनाने की मांग महाप्रबंधक से की। अशोक डिठवारिया, चौधरी गुलाब सिंह उर्फ भूरा, महेश पंडित, अल्ताफ कुरैशी, होशियार सिंह आदि मौजूद रहे।
सीकरी तक चले डीएमयू
रेलवे जीएम से सीकरी से आगरा तक डीएमयू का संचालन सुबह सात बजे और आगरा से शाम छह बजे करने के साथ आगरा-अछनेरा-मथुरा लाइन पर डीएमयू या शटल, आगरा-बाह-बटेश्वर पर सुबह सात बजे और बटेश्वर से आगरा शाम को छह बजे डीएमयू चलाई जाए। आगरा यमुना ब्रिज और गधापाड़ा माल गोदाम को रुनकता में ट्रांसफर करने और सीकरी में स्वचालित सीढ़ियों को लगाने के लिए रेलवे बजट में प्रस्ताव शामिल करने की मांग की गई।