फतेहपुर सीकरी। लंबे समय से पुलिस बल की कमी से जूझ रहे फतेहपुर सीकरी थाने को अब बड़ी राहत मिली है। यहां 49 नए आरक्षियों की तैनाती की गई है, जिनमें 41 पुरुष और 8 महिला आरक्षी शामिल हैं। सभी आरक्षी नौ माह की कड़ी ट्रेनिंग पूरी कर यहां पहुंचे हैं।
प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर सिंह ने बताया कि नए आरक्षियों को थाना स्तर पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें थाना क्षेत्र के गांवों व प्रमुख स्थानों का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि वे क्षेत्र की भौगोलिक व सामाजिक स्थिति को बेहतर ढंग से समझ सकें। साथ ही उन्हें पुलिस मित्र संबंधी जानकारी देकर आम जनता के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण अवधि में कुछ आरक्षियों को मुंशी कार्यालय, कुछ को साइबर सेल और अन्य को बीट की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है, जिससे वे पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं का अनुभव प्राप्त कर सकें। सभी को पुलिस मैनुअल, कर्तव्यों और जनसंपर्क के तरीकों की भी जानकारी दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नए आरक्षियों की तैनाती से थाने के कामकाज में सुधार आएगा और क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग का संदेश जाएगा।