सिकंदरा वाटरवर्क्स की पाइपलाइन की मरम्मत नहीं होगी, बल्कि इस लाइन को बदला जाएगा। ये लाइन काफी पुरानी हो चुकी है। मरम्मत के बाद भी इसमें बार-बार लीकेज हो जाता है, इस वजह से इसे बदलने का निर्णय लिया गया है।
आगरा के कैलाश में यमुना जल को पंपिंग कर वाटरवर्क्स सिकंदरा तक पहुंचाने के लिए पाइपलाइन 1996 में बिछाई गई थी। इस लाइन में कई बार लीकेज हो चुका है। हर बार मरम्मत होने से समस्या बनी हुई है। मगर अब इस लाइन को बदला जाएगा। माइल्ड स्टील एमएस की पाइपलाइन के लिए 15 करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसको शासन को भेज दिया गया है।
विज्ञापन
जल निगम के जेई राकेश ठाकुर ने बताया कि 1.5 किलोमीटर तक लाइन डालने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। वर्तमान में जो भूमिगत पाइप हैं, उन्हें मरम्मत करने में काफी समस्या का सामना करना पड़ता है। नई माइल्ड स्टील के पाइप डाले जाने के बाद मरम्मत कार्य में आसानी रहेगी।
महिलाओं ने खाली बर्तन लेकर किया प्रदर्शन
दयालबाग इलाके में जल संकट से कई मोहल्ले के लोग परेशान हैं। रविवार को भी दयानंद नगर की महिलाओं ने प्रदर्शन किया। खाली बर्तन लेकर महिलाएं सड़क पर आ गईं। जल निगम के खिलाफ नारेबाजी की। नई टंकी के निर्माण और गंगाजल की मांग की। महिलाओं का कहना था कि भीषण गर्मी में भी पानी नहीं मिल पा रहा है। गंगाजल की सप्लाई नहीं हो रही है। अगर, समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जल्द ही जल निगम के अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। क्षेत्र के सौरभ चौधरी ने कहा कि नई टंकी बनाई जाए, जिससे लोगों को गंगाजल मिल सके। कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।