विश्व पर्यटन दिवस पर आगरा का सिकंदरा स्मारक रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। मंगलवार शाम को स्मारक में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें कलाकारों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
ताजनगरी में विश्व पर्यटन दिवस पर मंगलवार की सुबह से शाम तक पर्यटन को प्रोत्साहन देने के कई कार्यक्रम किए गए। सुबह ताजमहल, आगरा किला और कैंट स्टेशन पर सैलानियों पर फूल बरसे और तिलक लगाकर स्वागत किया गया, तो वहीं शाम को सिकंदरा स्मारक में एएसआई ने सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया, जिसमें संगीत के सुर गूंजते रहे। इस दौरान सिकंदरा स्मारक रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। दूसरी ओर सर्किट हाउस से डीएम ने बाइक रैली को रवाना किया। शाम को टॉक शो के जरिये आगरा के पर्यटन पर चर्चा की गई।
विज्ञापन
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश चौहान के साथ पदाधिकारियों ने आगरा किला पर फूलों से पर्यटकों का स्वागत किया। ताजमहल पर स्टेट गाइडों ने सुबह तीन घंटे पर्यटकों को निशुल्क भ्रमण कराया। सुबह 10 बजे तक गाइडों ने पर्यटकों से फीस नहीं ली। एप्रूव्ड गाइड एसोसिएशन ने होटल क्रिमसन पैलेस में प्रशासन के साथ पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं की चर्चा की। शाम को एएसआई ने सिकंदरा स्मारक पर सांस्कृतिक कार्यक्रम किए, जिसमें विवि के पर्यटन प्रबंध संस्थान ने भागीदारी की।
बाइक रैली शिल्पग्राम पर जाकर समाप्त हुई
पर्यटन दिवस पर सुबह सर्किट हाउस से डीएम नवनीत सिंह चहल ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई। इसमें 50 से ज्यादा बाइकर्स शामिल हुए। यह रैली सिकंदरा, एत्माद्दौला, ताज व्यू प्वाइंट, आगरा किला होते हुए शिल्पग्राम पर जाकर समाप्त हुई। डीएम नवनीत सिंह चहल ने कहा कि कोरोना महामारी से पर्यटन उद्योग जूझा है। अब पर्यटन दिवस से फिर से नई शुरूआत की जा रही है।
पर्यटन दिवस पर शिल्पग्राम में शाम को टॉक शो आयोजित किया गया, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता अनूप सिंह ठाकुर, ट्रैवल ब्लॉगर निहारिका तिवारी, लव सोलंकी, रोहित, शिल्पा, मनन चतुर्वेदी शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि आगरा दुनिया में सबसे बेहतर टूरिस्ट डेस्टीनेशन है। यहां मुगलिया स्मारक हैं तो ईको टूरिज्म भी है। लाइव हेरिटेज के साथ यहां खानपान, संस्कृति अनूठी है। पर्यटन विभाग ने सुबह रेलवे स्टेशन पर आए पर्यटकों का स्वागत फूल देकर किया।
विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटकों का सत्कार किया
विश्व पर्यटन दिवस पर फतेहपुर सीकरी आने वाले पर्यटकों का एएसआई एर्पूव्ड गाइड एसोसिएशन की ओर से माला पहनाकर सत्कार किया गया। उन्हें लड्डू खिलाकर पानी की बोतल भेंट की गई। इस मौके पर वरिष्ठ संरक्षण सहायक कलंदर बिंद, गुलिस्तां के प्रबंधक मुकुल गुप्ता, गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष रंजीत सोलंकी, इस्माइल खां, इमामुद्दीन, नौसे अली, साबिर, अफसार, हाजी भूरा, अलीम, धम्मो, दिनेश गोला, सईद कुरैशी, जगदीश प्रसाद, लाखन सिंह, संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेयी, एसआईएस कमांडर नागेंद्र सिंह मौजूद रहे।