आगरा। बिल्लोचपुरा रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार शाम सिग्नल फेल हो जाने के कारण राजधानी एक्सप्रेस समेत डेढ़ दर्जन ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हुआ। कई ट्रेनें घंटों लेट रहीं। आनन-फानन में वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। टीम को बुलाकर सिग्नल को सही कराने का काम शुरू कर दिया गया है। रात तक सुधार का काम किया जाता रहा।
शुक्रवार शाम 6 बजे आगरा-दिल्ली रूट पर बिल्लोचपुरा रेलवे स्टेशन के पास तकनीकी खराबी के कारण सिग्नल फेल हो गया। इससे आगरा-दिल्ली रूट पर यातायात प्रभावित हो गया। इससे दर्जनभर से अधिक ट्रेनें 2 से 3 घंटे तक देरी से चल रही हैं। प्रभावित ट्रेनों में वंदे भारत एक्सप्रेस, गतिमान एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, आगरा कैंट कोलकाता एक्सप्रेस, आगरा कैंट पटना एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस, केरल, छत्तीसगढ़, शताब्दी एक्सप्रेस, ताज एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, हल्दीघाटी पैसेंजर, आगरा फोर्ट-रामनगर एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस, कर्नाटक एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेन प्रभावित रहीं।
इस बारे में रेलवे की जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि सिग्नल में तकनीकी दिक्कत आई है। ठीक करने के लिए टीम मौके पर काम कर रही है। ऑटोमैटिक सिस्टम को मैनुअली कर ट्रेनों को निकाला और डायवर्ट किया जा रहा है।